उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में फहराया तिरंगा
- फोटो : ANI
आज यानी 26 जनवरी, 2026 को भारत अपना 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मना रहा है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 'हम विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों सहित सभी को शुभकामनाएं देते हैं। हमें अपने कई पुलिस अधिकारियों को उनकी बेहतरीन सेवा के लिए मेडल देने का भी मौका मिला। प्रयागराज के नजरिए से, यहां तीन हीरो हैं जिन्हें उनके बहादुरी भरे कामों के लिए प्रशंसा प्रमाण पत्र और एक-एक लाख रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। देशभक्तों के तौर पर, देश के सच्चे नागरिकों के तौर पर, हमें अपने कर्तव्य पूरे करने चाहिए।'
लखनऊ में भी धूमधाम से मनाया जा रहा गणतंत्र दिवस
राजधानी लखनऊ में 77वां गणतंत्र दिवस रंगारंग कार्यक्रमों के बीच धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस राष्ट्रीय पर्व पर यूपी विधानभवन में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने तिरंगा फहराया। इसके बाद राज्यपाल ने परेड की सलामी ली। इसके बाद राष्ट्रगान का गायन हुआ। राज्यपाल ने देश व प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य और यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित बड़ी संख्या में विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। परेड के दौरान नए भारत, विकसित भारत एवं आत्मनिर्भर भारत की झांकी निकाली गई। इस दौरान विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश की झांकी निकाली गई। उत्तर प्रदेश के विकास में अहम रोल निभाने वाले क्षेत्र कृषि की झांकी कृषि विभाग द्वारा निकाली गई। इसमें किसानों की बदलती तस्वीर को दिखाया गया। सेना के शौर्य और पराक्रम को दर्शाती झांकी निकाली गई।