सपा प्रमुख अखिलेश यादव के परिवारवाद के फायदे गिनाए जाने पर प्रयागराज पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार किया। कहा कि एक समय था, जब उनके परिवार के ही पांच सांसद उनकी पार्टी में थे। आने वाले समय में हो सकता है कि सपा के पांच सांसद और पांच विधायक ही रह जाएं। उनकी पार्टी का भविष्य सैफई तक ही सीमित रह जाएगा।
वंदे मातरम को लेकर छिड़े विवाद और कांग्रेस के बयान पर भी केशव ने जवाब दिया। कहा, फिलहाल कांग्रेस को रविंद्र नाथ टैगोर की विचारधारा को मानना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वंदे मातरम के टुकड़े कर देश के टुकड़े किए। केशव ने कहा कि भाजपा की सरकार रहते देश और वंदे मातरम का विभाजन नहीं दिया जाएगा।
केशव ने बसपा सुप्रीमो मायावती के आर्थिक आधार पर आरक्षण को अनुचित बताने पर प्रतिक्रिया दी। कहा, उन्होंने किस परिप्रेक्ष्य में यह बात कही है, उन्हें नहीं मालूम है पर सरकार में जो आरक्षण दिया जा रहा है, वह आगे भी जारी रहेगा। संजय निषाद की निषाद समाज की विभिन्न जातियों को शेड्यूल कास्ट में शामिल करने की मांग पर केशव ने कहा कि मांग पुरानी है। सरकार के संज्ञान में है।
प्रदेश के जर्जर स्कूलों का वीडियो बनाने पर एफआईआर दर्ज करने के सीएम के बयान का केशव ने समर्थन किया। दावा किया कि भाजपा सरकार में विद्यालयों की स्थिति बेहतर हुई है और उनका कायाकल्प किया गया है। कोई शिकायत होगी तो सरकार समाधान करेगी।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद ने प्रयागराज में जलभराव को लेकर अपने एक्स (ट्विटर) पोस्ट पर पूछे गए सवाल को दोहराया। कहा कि अगर समय रहते अधिकारियों ने कदम उठाए होते तो शहर की यह स्थिति नहीं होती। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में काफी विकास हुआ है। जलभराव से नागरिकों को हुई असुविधा के लिए सरकार की ओर से क्षमा मांगते हुए उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में ट्रिपल इंजन की सरकार में ऐसी समस्या नहीं आएगी।