नीरज ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार रात उन्हें फोन किया था। यह भी कहा कि वह प्रयागराज आने का जरूर प्रयास करेंगे। भाजपा पार्षद पवन श्रीवास्तव ने बताया कि पूर्व राज्यपाल के आवास पर जाकर श्रद्धांजलि देने वालों में न्यायमूर्ति मंजू चौहान, पूर्व महाधिवक्ता विजय बहादुर सिंह, पूर्व सांसद शैलेंद्र आदि भी रहे।
वहीं दूसरी ओर बिहार के राज्यपाल फागू चौहान के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल चोंग्थू ने नीरज त्रिपाठी को पत्र भेजकर सूचित किया कि केशरीनाथ त्रिपाठी के निधन के बाद रविवार को ही राज्यपाल की अध्यक्षता में शोकसभा कर दो मिनट का मौन रखा गया।
केशरीनाथ त्रिपाठी के साथ विद्यार्थी जीवन से जुड़ाव रहा है। अनेक विषयों पर जब उनकी आवश्यकता पड़ती थी तो वह उन चीजों का आसानी से समाधान करते थे। उनकी विनम्रता अद्भुत थी। एक अधिवक्ता के रूप में उनकी जो प्रसिद्धि रही, वह अद्वितीय थी। विधानसभा अध्यक्ष और इस पद का महत्व हमें तब मालूम हुआ, जब वह इस पद पर आसीन हुए। गवर्नर के रूप में भी मर्यादा, प्रतिष्ठा का निर्वाह किया। उसके लिए वह हमेशा याद किए जाएंगे। - प्रो. गिरीश त्रिपाठी, चेयरमैन उच्च शिक्षा आयोग
हमारे व्यक्तिगत संबंध अच्छे थे। 1980 में मेरा पहला चुनाव था, वह पहली बार मेरे प्रतिद्वंद्वी के रूप में चुनाव लड़े थे। हमारे संबंध हमेशा मधुर रहे। इस बार भी आखिरी मुलाकात विधानसभा चुनाव के समय हुई थी। उन्होंने बेटे हर्ष को जीत का आशीर्वाद दिया था। वह प्रयागराज के राजनीति के पितामह थे। - अशोक वाजपेयी, पूर्व विधायक
एएमए ने शोकसभा करके दी केशरीनाथ त्रिपाठी को श्रद्धांजलि
इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन की तरफ से सोमवार को पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी के निधन पर शोक सभा का आयोजन हुआ। इसमें एएमए अध्यक्ष डॉ.सुबोध जैन और सचिव डॉ. आशुतोष गुप्ता ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि त्रिपाठी जी का निधन नगर के लिए अपूर्णीय क्षति है।
डॉ. अशोक अग्रवाल ने कहा कि केशरी नाथ त्रिपाठी से एएमए का बहुत ही पुराना जुड़ाव है। चिकित्सक समुदाय केे जब भी उनके सहयोग की जरूरत पड़ी, उन्होंने हमेशा हर संभव मदद की। उनके प्रयासों से ही प्रयागराज आगमन और एएमए कनवेंशन सेंटर का उद्घाटन तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के द्वारा हो सका। शोक सभा में डॉ. शार्दूल सिंह, डॉ. अनिल शुक्ला, डॉ. जेवी राय, डॉ. युगांतर पांडेय, डॉ. सपना श्रीवास्तव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
पूर्व राज्यपाल पं.केशरीनाथ त्रिपाठी को दी गई श्रद्धांजलि
केंद्रीय प्रशासनिक ट्रिब्यूनल बार एसोसिएशन की ओर से सोमवार को पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल पं.केशरीनाथ त्रिपाठी को फुलकोर्ट रेफरेंस में श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उनके योगदान को याद किया गया। कहा गया, उन्होंने न्याय के क्षेत्र में ही नहीं बल्कि राजनीति, समाज, साहित्य के क्षेत्र में भी बहुत योगदान दिया। उनके निधन से अधिवक्ता समाज को गहरा आघात लगा है। शोक व्यक्त करने वालों में बार के कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र नायक, धर्मेंद्र तिवारी, मनोज उपाध्याय, राघवेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार राय, संतोष कुशवाहा, सौरभ, आशीष श्रीवास्तव, राकेश दीक्षित, चक्रपाणि, महेंद्र मिश्रा आदि शामिल थे।
पार्षदों ने केशरीनाथ त्रिपाठी को दी श्रद्धांजलि
पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी के निधन के बाद सोमवार को नगर निगम स्थित पार्षद कक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पार्षद अशोक सिंह ने की। इस मौके पर पार्षदों ने पूर्व राज्यपाल के निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की। पार्षद मुकुंद तिवारी ने कहा कि पंडित केशरी नाथ त्रिपाठी एक अच्छे अधिवक्ता के साथ ही कुशल राजनेता थे। राजनीति जीवन में वह जनता की मजबूत आवाज बने रहे। व्यक्ति की जरूरत के हिसाब से एक अभिभावक के रूप में मदद के लिए तैयार रहते थे।
पार्षद शहर की समस्या लेकर जब भी पंडित जी के घर या आफिस गए, तो हमेशा तत्परता के साथ समस्या का निस्तारण करते थे। पार्षद अशोक सिंह ने कहा कि पंडित जी ने एक विकास पुरूष के रूप में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। उनके द्वारा किए गए कार्य कभी भुलाए नहीं जा सकते हैं। एक सरल के साथ ही वह सहज व्यक्तित्व थे। दुख प्रकट करने वालों में रंजन कुमार प्रजापति, तस्लीमुद्दीन, जियाउबैद, मीरादेवी, पूर्व पार्षद शिवसेवक सिंह, कमलेश सिंह, आनंद घिल्डियाल, चंद्र प्रकाश गंगा आदि मौजूद रहे।
व्यापारियों ने केशरी नाथ को बताया प्रयागराज की महान विभूति
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी के निधन पर प्रयागराज के व्यापारियों ने भी शोक जताया है। सोमवार को व्यापारिक संगठनों की ओर से शोकसभा का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। सिविल लाइंस व्यापार मंडल की ओर से आयोजित शोकसभा में व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुशील खरबंदा ने कहा कि वह प्रयागराज की महान विभूति थे। उनकी देश सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा। महामंत्री शिवशंकर सिंह ने कहा कि प्रयागराज के विकास में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।
शोकसभा में हर्षित अग्रवाल, देवर्षि अग्रवाल, शेख डाबर वकील, आशीष अरोरा, डा. सुभाष यादव, रितेश सिंह, संजीव अग्रवाल, शशांक जैन आदि मौजूद रहे। उधर इलाहाबाद गल्ला तिलहन व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतीश चंद्र केसरवानी की अध्यक्षता में हुई शोकसभा में दो मिनट का मौन रखा है। शोकसभा में केशरी नाथ त्रिपाठी को कुशल राजनीतिज्ञ बताया गया। इस अवसर पर संतोष पनामा, राजकुमार सभानी, शिव कुमार वैश्य, रमेश चंद्र केसरवानी, बसंत लाल आजाद, रविंद्र जायसवाल, गोपाल जी केसरवानी, उमेश चंद्र केसरवानी, राजेश केसरवानी आदि मौजूद रहे।