इलाहाबाद (ब्यूरो)। शहर के करेली इलाके में मुस्तफा मार्केट के निकट रविवार दोपहर बस से कुचलकर मोटर मैकेनिक अख्तर अली (55) की जान चली गई। हादसा ड्राइवर की लापरवाही से हुआ। लोगों ने ड्राइवर को दबोचकर बस समेत करेली थाने की पुलिस के हवाले कर दिया।
करेली में सी स्कीम निवासी अख्तर अली (55) मोटर मैकेनिक था। रविवार दोपहर करीब तीन बजे वह मुस्तफा मार्केट के पास स्कूल बस के शेल्फ में आई खराबी दूर करने के लिए काम कर रहा था। अख्तर बस के नीचे लेटकर तार जोड़ रहा था। उसने ड्राइवर को बस स्टार्ट करने के लिए कहा। मगर ड्राइवर ने बस स्टार्ट कर आगे बढ़ा दी। बस के पहिए के नीचे आने से अख्तर की मौत हो गई। वहां भीड़ लगी तो बस ड्राइवर को पकड़ लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाऊस भेजा। साथ ही ड्राइवर को हिरासत में लेकर स्कूल बस भी कब्जे में ले ली। इस अनहोनी से अख्तर के परिवार में हाहाकार मच गया। पत्नी मारूफा बेगम, दो बेटियां और दो बेटे रोने-चीखने लगे। गम में डूबे तमाम रिश्तेदार भी घर पर जुट गए।