करेली में घटना, नकदी-गहने समेत टीवी भी ले गए
प्रयागराज। करेली के आजाद नगर में बालू कारोबारी के घर से चोर पांच लाख का माल ले उड़े। पड़ोसी के सूचना देने पर भुक्तभोगी को घटना की जानकारी हुई। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
आजाद नगर निवासी मो. अरशद बालू कारोबारी हैं। वह परिवार समेत पैतृक मकान में रहते हैं। उन्होंने बताया कि 12 नवंबर की रात वह परिवार समेत कौशाम्बी चले गए थे। बुधवार रात पड़ोसी ने सूचना दी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है और पूरा सामान बिखरा पड़ा है। सूचना पर करेली पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल के बाद वापस लौट गई। बृहस्पतिवार सुबह आने पर पता चला कि चोर दीवार फांदकर भीतर घुसे और फिर अंदर के कमरों का ताला तोड़कर करीब 1.5 लाख नगद व 3.5 लाख के गहने उठा ले गए। लॉकर तोड़कर उन्होंने गहने व नगदी उड़ाए थे। इसके अलावा टीवी, माइक्रोवेव समेत अन्य सामान भी गायब था।
यही नहीं किचन में रखा खाने-पीने का सामान भी जमीन पर बिखेर दिया था। भुक्तभोगी व्यापारी ने बताया कि पास में ही स्थित घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में चोरों की तस्वीर कैद हुई है। फुटेज से पता चला है कि भोर में सवा तीन बजे के करीब वारदात हुई। उधर, घटना से मोहल्लेवालों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि गश्त के नाम पर पुलिस खानापूरी करती है। यही वजह है कि लगातार चोरी की वारदातें हो रही हैं।
नकदी समेत हजारों का माल ले गए चोर
प्रयागराज। उधर कोतवाली के भारती भवन निवासी रीतू त्रिपाठी के घर से चोर नगदी समेत हजारों का सामान उठा ले गए। पुलिस के मुताबिक, घर में लगा ताला तोड़कर चोरों ने लैपटॉप, प्रिंटर व 9500 नगद गायब कर दिए। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।