इसी वजह से वह आजम, शबाना और निकहत से चिढ़ता था। जो इन तीनों के पक्ष में होता, आरिफ उससे भी चिढ़ने लगता। वह बहुत दिन से तीनों को मारने की योजना बना रहा था। घटना वाले दिन भी उसका प्लान यही था कि पहले वह बहन निकहत की हत्या करेगा। इसके बाद भाई आजम और भाभी शबाना को भी मौत के घाट उतार देगा, लेकिन बीच में माता-पिता आ गए। उसके मुताबिक उसने माता और पिता पर एक ही वार किया था।
करेली इंस्पेक्टर रामाश्रय यादव ने बताया कि आजम ने भले ही आरिफ के साथ उसके दो अज्ञात साथियों और पत्नी नौशीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल पर बनाए गए तमाम वीडियो की जांच के बाद इस बात की पुष्टि हो गई है कि घटना को अकेले आरिफ ने अंजाम दिया। उसकी पत्नी गवर्नमेंट प्रेस में काम करती है। घटना के समय उसकी लोकेशन सिविल लाइंस स्थित कार्यालय में मिली है। फिलहाल, जांच चल रही है और अभी किसी को क्लीन चिट नहीं दी गई है।
चार दुकानदारों को दिया जाएगा नोटिस
आरिफ ने घर में तेजाब की सैकड़ों बोतलें इकट्ठी करके रखी थीं। जांच में चार दुकानदारों के नाम सामने आए हैं, जिनके यहां से आरिफ तेजाब खरीदता था। चारों को नोटिस जारी किया जाएगा। अगर उन्होंने नियम विरुद्ध ज्यादा मात्रा में तेजाब बेचा होगा तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।