फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

करेली में पत्नी-बेटी समेत प्रधान को मारी गोली

Mon, 29 Aug 2016 02:16 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
allahabad
विज्ञापन
इलाहाबाद। करेली इलाके के सैदपुर गांव में रविवार शाम ग्राम प्रधान केशबाबू उर्फ ननका भारतीय पर उस वक्त घातक हमला किया गया जब वह घर में कार से उतर रहा था। पड़ोस में रहने वाले लोगों ने मकान घेरकर फायरिंग की। गोलियां धंसने से प्रधान और उसकी पत्नी-बेटी तथा ड्राइवर जख्मी हो गया। सभी चार लोगों को एसआरएन अस्पताल में भर्ती किया गया है। प्रधान की पत्नी की हालत गंभीर बनी है। पुलिस ने छापेमारी की लेकि आरोपी नहीं मिले। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। प्रधान के परिवार की तरफ से थाने में देर रात पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई।  
विज्ञापन

सैदपुर ग्राम प्रधान केशबाबू भारतीय उर्फ ननका रविवार शाम करेली बाजार से फलों समेत कुछ सामान खरीदने के बाद कार से सैदपुर में अपने घर लौटे। कार उनका ड्राइवर शिवनेवाज उर्फ बन्ने चला रहा था। गेट खोलकर वे मकान के अहाते में पहुंचे। कार से उतरते ही कई लोगों ने गेट के पास आकर प्रधान ननका पर फायरिंग कर दी। एक गोली 42 वर्षीय ननका के कान को चीरते निकल गई। कार ड्राइवर शिवनेवाज उर्फ बन्ने के भी दाहिने कंधे पर गोली लगी। वे दोनों घायल होकर चीखने लगे। फायरिंग और चीख सुनकर प्रधान ननका की पत्नी रतीला और बेटी सावनी बाहर निकली तो उन्हें भी गोलियां मार दी गईं। प्रधान की पत्नी रतीला (39) के पेट और बेटी सावनी (16) की बायीं जांघ पर गोली धंसी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग उधर दौड़े तो हमलावर असलहे लहराते भाग गए। फौरन करेली थाने की पुलिस को सूचना दी गई। थानाध्यक्ष आनंद पांडेय पुलिस फोर्स के साथ वहां पहुंच गए। घायल प्रधान ननका, पत्नी रतीला, बेटी सावनी और ड्राइवर बन्ने को एसआरएन अस्पताल ले जाया गया। पेट में गोली धंसने से पत्नी की हालत गंभीर बनी थी। घायलों के साथ अस्पताल आए प्रधान के परिजनों ने बताया कि हमलावरों में राजाराम भारतीय, चंदा, दिनेश और रामकरन भारतीय समेत कई लोग शामिल थे। थानाध्यक्ष ने अमर उजाला को बताया कि हमले के पीछे पुरानी रंजिश और चुनावी खुन्नस है। दरअसल, प्रधानी के चुनाव में ननका भारतीय ने सबोले को हराया था। तब से सबोले और उसके परिवार के लोग कई बार ननका से झगड़ा कर चुके हैं। पुलिस ने छापेमारी की तो विरोधी पक्ष के ज्यादातर पुरुष फरार हो गए थे। दो लोगों को हिरासत में लेकर करेली थाने लाया गया। 

डॉक्टरों और पुलिस के बीच कहासुनी
इलाहाबाद (ब्यूरो)। करेली के सैदपुर की घटना में फायरिंग में घायल लोगों को एसआरएन अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में लाया गया तो वहां इलाज के लिए डॉक्टरों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हो गई। दरअसल, कुछ जांच और दवाओं के लिए डॉक्टर ने परचा लिखा तो उस वक्त परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। ऐसे में डॉक्टर ने परचा झल्लाहट में फेंका तो पुलिसवालों ने विरोध किया कि परिजन नहीं हैं तो परचा पुलिसकर्मियों को दिया जाए। वे दवा ला सकते हैं। ऐसे में पुलिसकर्मियों और डॉक्टरों के बीच झड़प और कहासुनी हो गई। किसी तरह बीच-बचाव से स्थिति संभली। 
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें