इलाहाबाद। करछना से कोहडार घाट के बीच तकरीबन 15 किलोमीटर तक खस्ताहाल सड़क जल्द चकाचक होगी। उबड़-खाबड़ इस सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। सरकार ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सड़क मरम्मत के लिए 15.72 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। इसके साथ बसही से बबूरा बलराम चौराहा तक खस्ताहाल तकरीबन आठ किलोमीटर लंबी सड़क भी जल्द दुरुस्त होगी। इसकी ऊंचाई भी बढ़ाई जाएगी। इस सड़क के लिए भी 10.82 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
इलाहाबाद से मिर्जापुर के बीच में करछना से कोहडार घाट होकर निर्माणाधीन पॉवर प्लांट क ो जाने वाली इस सड़क का करीब 15 किलोमीटर का हिस्सा बेहद खराब है। इसकी मरम्मत की मांग लंबे समय से की जा रही थी। पिछले दिनों मंत्री उज्जवल रमण सिंह ने इस संबंध में लखनऊ में लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव से भी वार्ता की थी। इसके साथ भीरपुर रेलवे स्टेशन से बसही होकर बबूरा बलराम चौराहा तक जाने वाली सड़क के तकरीबन आठ किलोमीटर खस्ताहाल हिस्से की मरम्मत की मांग की थी। सड़क का यह हिस्सा काफी नीचा भी है, जिसकी वजह से गंगा में बाढ़ के दौरान यहां पानी भर जाता है सो सड़क को और ऊंचा करने की भी मांग की गई थी। सरकार ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए दोनों प्रोजेक्ट के लिए 26.54 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता एचएन पांडेय ने बताया कि करछना से कोडहार घाट तक सड़क की मरम्मत के लिए टेंडर जल्द कराया जाएगा। दोनों सड़कों का काम अक्तूबर में शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।