इलाहाबाद (ब्यूरो)। नंद लला की छठी बृहस्पतिवार को धूमधाम से मनाई गई। घरों से लेकर मंदिरों तक सभी जगह कान्हा की पूजा अर्चना के साथ ही रंगारंग कार्यक्रमों के जरिए कान्हा के छठी की खुशियां बांटी गईं। छप्पन भोग समेत कई मिष्ठानों का उन्हें भोग लगाया गया। घरों में विशेष रौनक रही। शाम का छठी की पूजा के बाद महिलाओं ने व्रत खोला, बधावे गाए गए और आसपास के घरों में प्रसाद वितरित किया गया।
सिद्धपीठ भोलेगिरी मंदिर कटघर में भागवान श्रीकृष्ण का रंग-बिरंगे फूलों से मनमोहक श्रृंगार किया गया। मंदिर पुजारी पं. रामलाल शास्त्री द्वारा भगवान कृष्ण की पूजा अर्चना के बाद मंदिर के कपाट भक्तों के लिए खोले गए। राधा सखी मंडल की ओर एक से बढ़कर भजनों और नृत्यों की प्रस्तुतियां भक्तों को मंत्रमुग्ध करती रहीं। एक राधा-एक मीरा, श्याम तेरी बंशी पुकारे राधा नाम, माखन चोर नंद किशोर गीतों को खूब पसंद किया गया। नंद लला के मनमोहक श्रृंगार को देखने और प्रसाद लेने के लिए शाम से रात तक भक्त मंदिर पहुुंचते रहे। इस दौरान मंदिर प्रभारी राजेश केसरवानी, श्रृंगार संयोजक चंदन तिवारी समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
लूकरगंज स्थित श्रीकृष्ण भवन में कान्हा को छप्पन भोग का प्रसाद चढ़ाया गया। विधि-विधान से पूजन अर्चन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। राधा-कृष्ण के बाल रूप नृत्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। होली नृत्य और पश्चिम बंगाल की दक्षिणेश्वरी मां काली का नृत्य सभी ने खूब पसंद किया। आधी रात तक कान्हा जन्म के आनंद से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति भक्तों को भाव-विभोर करती रही। सभी कार्यक्रम आयोजन सचिव डॉ. निखिल सक्सेना की देखरेख में हुए। कुंज बिहारी लाल अग्रवाल ट्रस्ट समिति की ओर से चल रहे जन्माष्टमी पर्व पर गोपियों संग कान्हा ने रचाई रास लीला विषय पर झांकियां सजाई गईं। बृहस्पतिवार को आरती राधा अग्रवाल ने की।
श्रीब्रज रसिक भजन मंडल लूकरगंज की ओर से श्यामा सदन में शुक्रवार को श्रीकृष्ण षष्ठी समारोह मनाया जाएगा। शाम को गोपियां बधावा लेकर आएंगी। बाल कलाकार श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी। इसकी जानकारी संयोजक डॉ. अखिल निगम ने दी।
सर्व युवा व्यापार मंडल की ओर से बादशाही मंडी स्थित बाबा दयालेश्वर नाथ मंदिर प्रांगण में मटकी फोड़ का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता ने सभी का स्वागत किया। आयोजन सुमित कुमार वैश्य, हर्ष गुप्ता के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान सुशांत केसरवानी, डॉ. शेष नाथ, धीरज अग्रहरि, उत्कर्ष गुप्ता, अजय शर्मा, हर्ष अग्रहरि समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।