सिगनल फेल होने से बुधवार को दिल्ली-हावड़ा रूट पर रेल संचालन बाधित हो गया। तकरीबन दो घंटे तक ट्रेनों की आवाजाही ठप रही। खराबी इलाहाबाद जंक्शन से नैनी के बीच आई। सिगनल दुरुस्त होने तक डाउन लाइन पर ट्रेनों की लाइन लग गई। एक-एक करके जैसे-तैसे ट्रेनों को यहां से निकाला गया। इस दौरान ट्रेनों के विलंब होने से यात्रियों को खासी परेशानी हुई। देर शाम तक इलाहाबाद-नैनी रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। ओवर ऑल इस रूट की दर्जन भर से ज्यादा ट्रेनों पर सिगनल फेल होने का असर पड़ा।
इलाहाबाद-नैनी रेलखंड पर बुधवार की शाम पौने चार बजे के आसपास सिगनल फेल हो गया। इसे ठीक करते-करते शाम 5.35 बज गए। इस रेलखंड पर ऑटोमेटिक सिगनलिंग है। सिगनल फेल होते ही जंक्शन से नैनी की तरफ जाने वाली तमाम ट्रेनें रोक दी गई। इस दौरान कानपुर से इलाहाबाद आ रही तमाम ट्रेनों को बीच के स्टेशनों पर रोक लिया गया। गाड़ी संख्या 12312 कालका मेल फतेहपुर स्टेशन से 4.47 बजे चली, लेकिन तमाम स्टेशनों पर ठहराव कर दिए जाने से कालका को इलाहाबाद पहुंचते-पहुंचते रात के 8.30 बज गए। यही हाल 12816 नंदन कानन एक्सप्रेस का रहा। फतेहपुर से 2.25 बजे चलने के बाद नंदन कानन शाम 6.26 बजे जंक्शन पहुंची। यहां 7.05 बजे इसे रवाना किया जा सका। सिगनल फेल होने की वजह से 12506 नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस को भी फतेहपुर से इलाहाबाद के बीच कई स्थानों पर खड़ा किया। अपराह्न 3.20 बजे फतेहपुर से चली नार्थ ईस्ट शाम 7.20 बजे जंक्शन पहुंची। यही स्थिति 18102 मुरी एक्सप्रेस, 15159 सारनाथ एक्सप्रेस, 11072 कामायनी एक्सप्रेस आदि ट्रेनों की रही। 54104 इलाहाबाद-चुनार पैसेंजर भी जंक्शन से समय से रवाना नहीं किया जा सका।