उच्च न्यायिक सेवा के अधिकारी रहे कानपुर के पूर्व जिला जज मुख्तार अहमद ने बुधवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपर न्यायमूर्ति पद की शपथ ग्रहण की। आगरा के मिढ़ाकुर गांव में जन्मे जस्टिस मुख्तार अहमद का प्रारंभिक जीवन अपने गांव की गोद में ही बीता। उनकी प्रारंभिक शिक्षा मिढ़ाकुर में ही हुई। शैक्षिक रूप से अग्रणी गांव होने और स्नातक पिता के पुत्र होने के कारण उनकी आरंभिक शिक्षा काफी अच्छी रही और इसके बाद उन्होंने आगरा से बीएससी तथा एलएलबी की डिग्रियां लेने के बाद उस समय के जाने माने वकील एमयू अहमद के संरक्षण में वकालत शुरू कर दी।
अपनी मेधा के बल पर वह 1998 में उच्चतर न्यायिक सेवा में चयनित हुए। अप्रैल 2008 में मुख्तार अहमद जिला जज के पद पर प्रोन्नत हुए । उन्होंने महोबा, बस्ती, फतेहपुर, एटा, बरेली और कानपुर नगर के जिला के रूप में सेवाएं दी। कानपुर नगर से ही वह हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति के पद पर आसीन हुए। बुधवार को मुख्य न्यायाधीश डा. डीवाई चंद्रचूड ने जस्टिस मुख्तार अहमद को छह अन्य न्यायमूर्तिगणों के साथ शपथ दिलाई।