फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पहले दिन सिर्फ एक नामांकन

Tue, 31 Jan 2017 02:26 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो इलाहाबाद
विज्ञापन
विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन सिर्फ एक नामांकन हुआ जबकि 141 संभावित उम्मीदवारों ने रिटर्निंग अफसर (आरओ) कार्यालय से नामांकन फॉर्म लिए। अभी तक यही सूचना है कि सभी प्रमुख एवं बड़े दलों के प्रत्याशी मुहूर्त के हिसाब से दो फरवरी या उसके बाद ही नामांकन कराएंगे। हालांकि जिनके टिकट फाइनल हो चुके हैं, उनमें से अधिकतम प्रत्याशियों के लिए नामांकन फार्म ले लिए गए हैं।
विज्ञापन


सोमवार को एकमात्र नामांकन कोरांव विधानसभा क्षेत्र से हुआ। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन की ओर से 48 वर्षीय पंचम लाल ने आरओ कुलदेव सिंह के समक्ष पर्चा भरा। मूलत: बरनपुर गांव, कोरांव के रहने वाले पंचम लाल ने शपथपत्र में बताया है कि उनके पास छह हजार रुपये नगद और छप्पर का कच्चा घर है। उनपर गाली-गलौज और धमकी का मुकदमा भी है। साथ ही उनके पास 0.75 एकड़ जमीन है। नामांकन कराने वाले की संख्या भले ही एक से आगे नहीं बढ़ी लेकिन नामांकन फॉर्म लेने वालों की लाइन लगी रही।

फाफामऊ विधानसभा क्षेत्र में पांच, सोरांव में छह, फूलपुर में 26, प्रतापपुर में 10, हंडिया में सात, मेजा में 11, करछना में सात, इलाहाबाद पश्चिम में 27, इलाहाबाद उत्तर में 17, इलाहाबाद दक्षिण में 12, बारा में नौ और कोरांव में नौ प्रत्याशियों की ओर से नामांकन फॉर्म लिए गए। नामांकन शुरू होने से पूर्व डीएम संजय कुमार ने कलक्ट्रेट एवं तहसील सदर में बने आरओ कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने कलक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और कुछ कमरों में प्रकाश की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कहा। डीएम ने मुंडेरा मंडी स्थित स्ट्रांग रूम भी देखा और मंडी सचिव को मतगणना शुरू होने से पूर्व वहां से अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए।
विज्ञापन


नामांकन के पहले दिन जिन 141 प्रत्याशियों ने नामांकन फॉर्म लिए, उनमें से कई बड़े एवं प्रमुख दलों के प्रत्याशी भी शामिल हैं। हालांकि पूर्व मंत्री राकेशधर त्रिपाठी के पुत्र प्रभात त्रिपाठी हंडिया से बतौर निर्दलीय प्रत्याशी फॉर्म ले गए। बसपा उम्मीदवार हाकिम लाल बिंद भी हंडिया आरओ ऑफिस से फॉर्म ले गए। सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष केके श्रीवास्तव ने करछना से पार्टी प्रत्याशी उज्ज्वल रमण सिंह और दक्षिणी से परवेज अहमद के लिए फॉर्म लिया।

करछना से बसपा उम्मीदवार दीपक पटेल और सोरांव से सपा के निवर्तमान विधायक सत्यवीर मुन्ना के समर्थन भी नामांकन फॉर्म ले गए। मेजा से भाजपा प्रत्याशी नीलम करवरिया, बसपा के सुरेंद्र मिश्र, शिवसेना के सतीश चंद्र, सपा के रामसेवक सिंह, प्रतापपुर से बसपा के मो. मुजतबा सिद्दीकी, सोरांव से बसपा की गीता पासी, फूलपुर से भाजपा के प्रवीण पटेल, सपा के मंसूर आलम, बारा से भाजपा के डॉ. अजय कुमार, कोरांव से भाजपा के राजमणि कौल, बसपा से राजबलि जैसल, शहर पश्चिमी से भाजपा के सिद्दार्थ नाथ सिंह, राष्ट्रीय लोकदल के सुनील चौधरी भी संबंधित आरओ ऑफिस से नामांकन फॉर्म ले गए।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें