इलाहाबाद (ब्यूरो)। गर्ल्स हाईस्कूल एंड कॉलेज (जीएचएस) में दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद शनिवार को सीनियर सेक्शन की छात्राओं के पीटी प्रदर्शन समेत अन्य प्रतियोगिताओं के साथ सम्पन्न हुआ। इस मौके पर छात्राओं ने प्रभु की आराधना में नृत्य प्रस्तुत किया। छात्रों ने शानदार मार्चपास्ट की। मुख्य अतिथि एसएसपी केएस इमेनुएल ने मार्चपास्ट की सलामी ली। इस मौके पर ब्ल्यू हाउस, रेड हाउस, यलो हाउस एवं ग्रीन हाउस की छात्राओं ने पीटी प्रदर्शन किया। छात्राओं ने पूर्ण अनुशासन एवं लयबद्ध पीटी प्रदर्शन कर वहां मौजूद अभिभावकों की जमकर तालियां बटोरी। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में रेड हाउस एवं सीनियर वर्ग में यलो हाउस ने बाजी मारी।
मार्चपास्ट के बाद नौ मीटर फ्लैट रेस हुई। इसमें ग्रुप वन डिवीजन डी की रुचिरा पटेल एवं दो सौ मीटर रेस में डिवीजन सी की विदुषी शर्मा ने बाजी मारी। इसी तरह फ्लैट रेस सौ मीटर ग्रुप वन डिवीजन ए और दो सौ मीटर डिवीजन बी में श्रेया कौशल अव्वल रहीं। सौ मीटर में पाखी श्रीवास्तव ने जीत दर्ज की। रस्साकशी में यलो हाउस विजयी रहा। इस दौरान चारों हाउस की छात्राओं ने पिरामिड बनाया। इस मौके पर डिस्कस शॉट-पट और जेवलिन प्रतियोगिताओं की विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। इसके पहले मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। खेल कप्तान प्रियंका सिंह ने खेल ज्योति प्रज्ज्वलित की। प्रधानाचार्या रेव्हरेंट डॉ.विनीता इसुवियस ने अतिथियों का स्वागत किया। धन्यवाद ज्ञापन विशिष्ट अतिथि रेव्हरेंट जी दाउद ने किया।