इलाहाबाद जंक्शन के सिविल लाइंस साइड से यात्रियों को 14 जनवरी से प्रवेश नहीं दिया जाएगा। रेलवे ने जंक्शन के सिविल लाइंस साइड के सभी प्रमुख रास्तों पर बैरीकेडिंग कर दी है। सिविल लाइंस साइड में प्रवेश के अभी दो ही रास्ते खोले गए हैं। लेकिन अब कुंभ के सभी प्रमुख स्नान पर्व के एक दिन पूर्व एवं एक दिन बाद तक किसी भी यात्री को सिविल लाइंस साइड से प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इस बार कुंभ मेला मकर संक्रांति के अवसर पर 15 जनवरी से शुरू हो रहा है। इसके बाद अगला स्नान पर्व 21 जनवरी को पौष पूर्णिमा, चार फरवरी को मौनी अमावस्या, 10 फरवरी को बसंत पंचमी, 19 फरवरी को माघी पूर्णिमा एवं चार मार्च को शिवरात्रि का स्नान है। इन सभी प्रमुख स्नान पर्व और उसके एक दिन पहले एवं एक दिन बाद किसी भी को सिविल लाइंस साइड से प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इस तरह से मेला अवधि में सिविल लाइंस साइड से कुल 18 दिन यात्रियों का प्रवेश बंद रहेगा। सिर्फ रेलकर्मियों को ही सिविल लाइंस साइड से प्रवेश उनका परिचय पत्र दिखाने के बाद दिया जाएगा।