प्रयागराज से नैनीताल के सबसे निकटतम रेलवे स्टेशन काठगोदाम के लिए एक ट्रेन चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) की ओर से प्रस्ताव तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रस्ताव के अनुसार, यह नई ट्रेन प्रयागराज से चलकर कासगंज, बदायूं, बरेली के रास्ते काठगोदाम तक का सफर तय करेगी। इस रेल सेवा के शुरू होने से संगम नगरी के यात्रियों को उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल स्थित पर्यटन स्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
पिछले माह एनसीआर के महाप्रबंधक के साथ हुई क्षेत्र के सांसदों की महत्वपूर्ण बैठक में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया था। बैठक के बाद रेलवे प्रशासन ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए औपचारिक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए थे। वर्तमान में प्रयागराज से काठगोदाम के लिए सीधी ट्रेन न होने के कारण यात्रियों को बरेली, रामपुर या मुरादाबाद से सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ता है या फिर ट्रेन बदलकर वहां से काठगोदाम की यात्रा तय करनी होती है। इस नई रेल सेवा के संचालन से न केवल श्रद्धालुओं और पर्यटकों का समय बचेगा, बल्कि प्रयागराज से बरेली और कासगंज की ओर जाने वाले अन्य यात्रियों को भी एक अतिरिक्त ट्रेन का विकल्प मिल जाएगा।
प्रयागराज से काठगोदाम के लिए सीधी ट्रेन चलाए जाने का प्रस्ताव उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय को मैंने भेजा है। अफसरों ने आश्वस्त किया है कि यह प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जा रहा है।
- प्रवीण पटेल, सांसद फूलपुर