उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) की पहली आईएसओ सर्टिफाइड ट्रेन प्रयागराज एक्सप्रेस के नाम एक और उपलब्धि दर्ज होने जा रही है। एनसीआर प्रशासन ने अपनी सबसे पुरानी इस ट्रेन के अब तक के सफर पर डाक्यूमेंट्री फिल्म बनाने का निर्णय लिया है। इस माह के अंत तक प्रयागराज एक्सप्रेस की डाक्यूमेंट्री तैयार हो जाएगी। इसके माध्यम से दिखाया जाएगा कि प्रयागराज में अब तक कौन-कौन से बदलाव किए गए हैं। साथ ही यात्रियों का प्रयागराज को लेकर क्या फीडबैक है वह भी डाक्यूमेंट्री में शामिल किया जाएगा।
दरअसल, प्रयागराज एक्सप्रेस 15 जुलाई को 35 वर्ष पूर्ण करने जा रही है। 16 जुलाई 1984 को ही प्रयागराज एक्सप्रेस पहली बार इलाहाबाद जंक्शन से नई दिल्ली के लिए चली थी। तब इस ट्रेन का नंबर इलाहाबाद से 91 अप और नई दिल्ली से 92 डाउन था। इलाहाबाद जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक से इस ट्रेन को तत्कालीन केंद्रीय मंत्री राजेंद्र कुमारी बाजपेयी ने हरी झंडी दिखाई थी। उस दौरान मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय उत्तर रेलवे नई दिल्ली के अधीन था।
डाक्यमेंट्री में दिखाया जाएगा कि जब इस ट्रेन की शुरूआत हुई थी तो इसमें लाल रंग के आईसीएफ/एससीआरईडब्ल्यू कपलिंग वाले कोच थे। इसके बाद वर्ष 2003 में उत्तर मध्य रेलवे के गठन के बाद इसमें पुराने कोचों को बदलकर आईसीएफ/सीबीसी वाले नीले रंग के कोचों को लगाया गया।
दिसंबर 2016 से प्रयागराज में एलएचबी कोच लग गए। इसके अलावा समय के साथ-साथ अन्य क्या बदलाव हुए वह सब डाक्यूमेंट्री के माध्यम से रेलवे दिखा सकता है। वंदे भारत एक्सप्रेस की तर्ज पर प्रयागराज एक्सप्रेस की भी डाक्यूमेंट्री सोशल मीडिया में रेलवे शेयर करेगा। इसके अलावा जंक्शन पर लगी एलईडी स्क्रीन में इसका प्रदर्शन कुछ अंतराल के बाद किया जाएगा।
एनसीआर सीपीआरओ अजीत कुमार सिंह ने कहा कि ‘प्रयागराज के अब तक के सफर के लिए डाक्यूमेंट्री बनाई जा रही है। इस माह के अंत तक इसके बन जाने की उम्मीद है।’
प्रयागराज का बर्थडे मनाने की तैयारी
15 जुलाई को प्रयागराज एक्सप्रेस को 35 वर्ष हो जाएंगे। इसे लेकर रेलवे अपनी तैयारियों में जुट गया है। बताया जा रहा है कि 15 जुलाई को रेलवे की ओर से प्रयागराज रवानगी के पहले केक काटे जाने के साथ ही इसके पहले सफर के साक्षी बने रेलकर्मियों को सम्मानित किया जा सकता है। हालांकि रेलवे की ओर से अभी इसका खुलासा नहीं किया गया है।
15 जुलाई को प्रयागराज एक्सप्रेस की सजावट किए जाने की भी बात सामने आई है। इस बारे में डीआरएम अमिताभ का कहना है कि निश्चित ही प्रयागराज एक्सप्रेस के 35 वर्ष पूर्ण होना हम सभी के लिए गौरवमयी है। 15 जुलाई के लिए कुछ खास तैयारी की जा रही है।