मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) में प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना से युवाओं को जोड़ने केलिए आयोजित इंटरप्रन्योरशिप ई- समिट 2016 रेनेसांस रविवार को सम्पन्न हो गया। संस्थान की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल टेक्नोक्रेट अपने आपकोे जॉब क्रियेटर समझ रहे थे, बड़े-बड़े उद्यामियों से मिलने के बाद इन प्रतिभागियों को ऐसा लगा कि जैसे सफलता इनके कदम चूम रही है।
इंटरप्रन्योरशिप ई- समिट के सफल आयोजन के लिए प्रो.आरके श्रीवास्तव ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम में भागीदारी करने से युवाओं को तरह-तरह के आइडिया मिलते हैं। इस जानकारी के जरिए संस्थान में पढ़ रहे युवा उच्च शिखर पर पहुंच सकते हैं। प्रो. श्रीवास्तव ने बताया कि इस तरह के आयोजन का मुख्य उद्देश्य संस्थान में पढ़ रहे भावी इंजीनियरों तथा अन्य संस्थान के छात्रों को इंजीनियरिंग और टेक्नोक्रेट क्षेत्र के सफल उद्यमियों और विशेषज्ञों से रूबरू कराना है।
संस्थान के डॉ. शिवेश शर्मा ने कहा कि इस कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के सेंटर फार प्रमोटिंग इनोवेशन की ओर से किया गया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए युवाओं को नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम में पुराछात्र ज्योति प्रकाश भट्ट, अमित साहू सहित बड़ी संख्या में छात्रों एवं शिक्षकोें ने भाग लिया।