समग्र शिक्षा (माध्यमिक) के तहत कंप्यूटर शिक्षक के लिए केंद्र सरकार की ओर से 10 माह के लिए 30 हजार रुपये प्रति माह की दर से धनराशि अनुमोदित की गई है। इसमें सेवा शुल्क एवं जीएसटी भी कटेगा। ऐसे में कंप्यूटर शिक्षकों का मानदेय प्रतिमाह तकरीबन 25 हजार रुपये आएगा।
युवा मंच के संयोजक राजेश सचान और अध्यक्ष अनिल सिंह सहित तमाम प्रतियोगियों ने सीएम को ट्वीट कर मांग की है कि आउटसोर्सिंग से कंप्यूटर शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया तत्काल निरस्त की जाए और एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती का नया विज्ञापन जारी करते हुए कंप्यूटर शिक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए।
पोर्टल से होगा आवेदनकर्ताओं का चयन
सेवा प्रदाता संस्था एक शिक्षक की तैनाती के लिए सेवायोजन विभाग द्वारा तैयार किए गए पोर्टल से वरिष्ठता क्रम के आधार पर न्यूनतम पांच आवेदनकर्ताओं का चयन करेगी और दो या दो से अधिक कार्मिकों की तैनाती के लिए तीन गुना, लेकिन न्यूनतम 10 आवेदनकर्ताओं में से चयन करेगी। सेवा प्रदाता द्वारा पारदर्शी व्यवस्था बनाकर क्षमता एवं दक्षता का मूल्यांकन करते हुए चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
वेतन का आधा भी नहीं है मानदेय
एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती-2018 के तहत जिन शिक्षकों की नियुक्ति हुई थी, उनका पहला वेतन 54700 रुपये था। अगर अब नियमित शिक्षकों की नियुक्ति होती है तो उनका पहला वेतन तकरीबन 66 हजार रुपये होगा और इसमें नई पेंशन स्कीम के तहत 6400 रुपये कट जाएंगे। तकरीबन 60 हजार रुपये हाथ में आएंगे। प्रतियोगी छात्र मोर्चा के अध्यक्ष विक्की खान का कहना है कि मानदेय से नियुक्ति होने पर प्रतियोगी छात्रों को काफी नुकसान होगा। रिक्त पदों पर नियमित नियुक्ति ही होनी चाहिए।