एक भारतीय कंपनी ने भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) में बीटेक के तीन छात्रों को रिकार्ड 67.62- 67.62 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर चयनित किया है। इस सत्र में ट्रिपलआईटी में नामांकित छात्रों के सापेक्ष अब तक 96 फीसदी विद्यार्थियों को कैंपस चयन हो चुका है। यह इस सत्र का अधिकतम पैकेज है। वहीं पिछले वर्ष अधिकतम पैकेज 51 लाख रुपये था, जबकि न्यूनतम 20 लाख रुपये।
कोरोना काल में जब अर्थव्यवस्था पटरी से उतरी हुई है, ऐसे दौर में आईटी सेक्टर की भारतीय कंपनी ट्रेसेबल ने ट्रिपलआईटी के तीन छात्रों को 67.62- 67.62 लाख रुपये के पैकेज पर चयनित कर एक उम्मीद जगाई है। यह तीनों छात्र इंफार्मेशन टेक्नोलाजी (आईटी) ब्रांच के हैं। संस्थान में बीटेक आईटी के छात्र अंकित कुमार दास, श्रेयांश साहू और हर्षित कुमार को सर्वाधिक 67.26 लाख सालाना पैकेज पर नौकरी मिली है। इसके पहले सत्र 2020-21 में संस्थान में आईटी ब्रांच के पांच छात्रों को अधिकतम 51 लाख और न्यूनतम 20 लाख रुपये सालाना के पैकेज पर नौकरी मिली थी।