शाही। अवैध मिट्टी खनन करने वालों पर प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। बुधवार को डायल 112 पर मिली सूचना के आधार पर उपजिलाधिकारी और सीओ के नेतृत्व में राजस्व टीम और पुलिस ने थाना क्षेत्र के चकदाह गांव में एक जेसीबी और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अवैध खनन करते पकड़ लिया। सभी वाहनों को सीज किया गया है। करीब 20 दिन के अंतराल पर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।
कार्रवाई के दौरान खनन में लगे लोग मौके से फरार हो गए। वाहनों को मौके पर ही छोड़ दिया। इसके बाद टीम ने इन वाहनों को जब्त कर लिया। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि बड़ा बसावनपुर, दुनका, कुल्छा गौटिया स्थित बहगुल नदी क्षेत्र और फिरोजपुर समेत कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया जा रहा है।
अवैध खनन की मिट्टी लेकर दिनभर इन क्षेत्रों में वाहन दौड़ते दिखाई देते हैं। अवैध खनन की मिट्टी ले जाने वाले वाहनों के चालक बेतरतीब तरीके से गाड़ी चलाते हैं। इसके चलते हादसे की आशंका भी बनी रहती है। हालांकि, बुधवार रात की गई कार्रवाई के बाद बृहस्पतिवार को इन रास्तों पर सन्नाटा दिखा। एसडीएम निधि शुक्ला ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।