इलाहाबाद । दस दिवसीय गणेश महोत्सव के नवें दिन शुक्रवार को गणेश पूजा पंडालों में दर्शन पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा। सांस्कृतिक संध्या में भक्ति संगीत की प्रस्तुति ने मंत्रमुग्ध किया।
महाराष्ट्र लोकसेवा मंडल की ओर से अलोपीबाग स्थित तिलक भवन में वाराणसी से आए कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन सुनाए। जय गणेश, जय गणेश के घोष से पूजा स्थल गूंजता रहा। उसके पहले आचार्य योगेश पित्रे की देखरेख में पूजन हुआ। इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष मिलिंद गोरे, उपाध्यक्ष विजय कुमार सातभाई, महामंत्री सतीश पुराणिक, मनोज केवकर, राजू गोखले, उदय सिंह, अनंत गोरे आदि मौजूद रहे।
बादशाही मंडी स्थित बड़े गणेश मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा अर्चना हुई। पूजा में अवनीश शुक्ल, अंजनी कुमार मिश्र, सोमेश नारायण, पल्ल्वी, शिवांशी आदि मौजूद रहे।
करैलाबाग कालोनी में आयोजित गणपति महोत्सव, श्री श्री गणेश पूजा कमेटी प्रीतमनगर, महाराष्ट्रीय तरुण मंडल की ओर से दारागंज स्थित उत्तराधिमठ, नवयुवक संघ गणेश पूजन समिति की ओर से मलाकराज रामबाग शिवपार्क, आजाद नगर साउथ मलाका स्थित गणेश पूजा महोत्सव, बाल एकता कमेटी नयापुरा करेली, न्यू महाराष्ट्र मंडल महाजनी टोला, भारत उदय सेवा संस्थान की ओर से नई बस्ती कीडगंज, दारागंज स्थित मोती महल गणेश मंदिर में पूजन-अर्चन हुआ।
श्रीरुद्र हनुमान साईं धाम समिति की ओर से मनमोहन पार्क स्थित हनुमान मंदिर में आयोजित गणेश महोत्सव में अशोक फेम टीवी कलाकार सिद्धार्थ निगम को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सिद्धार्थ निगम ने गणेश जी की आरती की। सांस्कृतिक संध्या में जादूगर श्याम सुंदर ने जादू की प्रस्तुति से उपस्थित लोगों को रोमांचित किया। कार्यक्रम में अवधेश चंद्र गुप्ता, राजू यादव, पंकज अग्रवाल, सुमित अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।