डीजल के दामों में कमी के बाद शहर में आटो, टेंपो, टैक्सी के किराए में एक जनवरी से कमी की जाएगी। यह निर्णय मंगवार को इलाहाबाद टेंपो विक्रम टैक्सी वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में लिया गया। एसोसिएशन ने सभी आटो, टेंपो चालकों को वर्दी बनवाने के लिए 30 दिसंबर तक समय दिया है। साथ ही साफ कर दिया कि इसके बाद भी वर्दी न पहनने पर कार्रवाई होगी तो एसोसिएशन की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी।
इलाहाबाद टेंपो विक्रम टैक्सी वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों और स्टैंड संचालकों की बैठक में किराया कम करने पर विचार विमर्श हुआ। एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद चंद्र दुबे की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हुआ कि एक जनवरी से आटो, टेंपो, टैक्सी के किराए में कमी की जाएगी। स्टैंडों से संचालित वाहनों के किराए में 10 किलोमीटर की दूरी पर एक रुपये किराया कम किया जाएगा, जबकि 25 किलोमीटर की दूरी वाले प्रमुख स्थलों पर दो रुपये की कमी की जाएगी। यह आदेश जनपद के सभी आटो, टेंपो टैक्सियों पर लागू होगा। अध्यक्ष ने बताया कि पिछले एक वर्ष में आटो, टेंपो के पार्ट्स के दामों एवं रख-रखाव में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है, लेकिन एसोसिएशन के जनहित में किराया कम करने का निर्णय लिया है।
रघुनाथ द्विवेदी एवं महामंत्री रमाकांत रावत ने बताया कि सरकारी एवं निजी बसों तथा अन्य वाहनों के किराए में किसी तरह की कमी नहीं हुई है। सरकारी बसों से कम भाड़े पर वर्तमान में आटो, टेंपो संचालित हो रहे हैं। महामंत्री ने बताया कि वाहन मालिकों और स्टैंड संचालकों के माध्यम से चालकों को चेताया गया है कि 30 दिसंबर तक वर्दी बनवा लें। साथ ही यूनियन से परिचय पत्र एवं किराया लिस्ट लेकर वाहन पर चस्पा करें। बैठक में त्रिभुवन नाथ मिश्रा, नफीस अहमद, पीसी तिवारी, शहनवाज खां, राजेश रावत, बब्लू जायसवाल, बिहारी बाबू, ननकऊ मिश्रा, बच्चा अंजुम, दिलीप, रमेश निषाद आदि मौजूद थे।