कोरोना संक्रमण के कारण जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती पर सोमवार को मंदिरों के ताले नहीं खुले। जीरो रोड मंदिर से भव्य रथयात्रा निकालने की तैयारी धरी रह गई। किसी भी जैन मतावलंबी को मंदिरों में प्रवेश नहीं करने दिया गया। इस दौरान घरों से ही अहिंसा और जीव दया का संदेश लोगों ने दिया। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए घरों में ही शांतिधारा और मस्तकाभिषेक किया गया।
तीर्थंकर महावीर का 2619 वां जन्मोत्सव सोमवार की सुबह जैन मतावलंबियों के घरों में मंत्र जाप से प्रारंभ हुआ। दिगंबर जैन सभा के आह्वान पर जैनधर्मियों ने घरों के बाहर फूलों और रंगों से तरह-तरह की अल्पनाएं और रंगोली बनाई। इसके बाद दीप जलाए गए। भगवान महावीर की तस्वीरों के साथ जैन ग्रंथों को रखकर श्रद्धालुओं ने अष्ट द्रव्य से पूजा- अर्चना की। इस दौरान विश्व शांति के लिए प्रार्थना की गई । सुबह आठ बजे घरों की छतों, बरामदे में संगीतमय धुनों के साथ भगवान महावीर की जय जयकार गूंजने लगी। घंटा, थाली, ताली बजा कर महावीर स्वामी का जयघोष किया गया। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन करते हुए जैन मतावलंबियों ने घर -घर में शांतिधारा और महामस्तकाभिषेक भी किया।
तीर्थंकर ऋषभदेव तपस्थली पर विराजमान जैन मुनि सुगम सागर ने बताया कि विश्वव्यापी कोरोना संक्रमण की इस विषम परिस्थिति में भगवान महावीर के संदेश जियो और जीने दो... अहिंसा परमो धर्म: के संदेश को जन-जन तक फैलाने और पालन करने की जरूरत है। इस आपदा से सबक लेते हुए अब लोगों को प्रकृति के साथ छेड़छाड़ बंद कर देनी चाहिए। सादा जीवन, उच्च विचार एवं सत्य अहिंसा के मार्ग को अपनाकर ही लोग सुखी और प्रसन्न रह सकते हैं । जैन महिला मंडल कि बाला जैन ने भी भगवान महावीर के सत्य, अहिंसा के सिद्धांतों को अपनाने की अपील की।
यह दिवस हमें सत्य, अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इस पुनीत एवं पावन पर्व की सार्थकता तभी है जब हम उनके बताए हुए मार्ग पर चलें एवं कल्याण के लिए काम करें।
पं सुनील जैन, दिगंबर जैन मंदिर, जीरो रोड।
पक्षियों को दाना दिया, घर बैठे फोन पर किया शांतिधारा पाठ
प्रयागराज। भगवान महावीर की जयंती पर सोमवार को जान मतावलंबियों ने घरों की छतों पर परिंदो को दाना पानी दिया। जरूरतमंदों, असहायों को भोजन के पैकेट एवं मास्क के अलावा हाथ धोने का साबुन भी वितरित किया गया। इस दौरान लोगों ने फोन पर जान मुनियों के निर्देशन में घर बैठे शांतिधारा और अभिषेक भी किया।