इलाहाबाद (फूलपुर)। प्रिंसिपल के स्कूल में इंटर के छात्र को आतंकवादी, गुंडा, बदमाश कहकर फटकार लगाने और स्कूल से नाम काटे जाने से परेशान छात्र घर से गायब हो गया। छात्र का कसूर इतना था कि उसने स्कूल में पटाखा फोड़ दिया था। छात्र काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिला तो पिता ने फूलपुर थाने में प्रिंसिपल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी।
फूलपुर में रहने वाले ओम प्रकाश राय पुलिस महकमे में नौकरी करते हैं। इन दिनों उनकी तैनाती सम्मन सेल में है। उनक ा बेटा सूर्य प्रताप राय केंद्रीय विद्यालय इफ्को में इंटर का छात्र है। सूर्य प्रताप ने शरारत वश क्लास में पटाखा फोड़ दिया। इससे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई थी। प्रिंसिपल रविंद्र राम ने छात्र को बुलाकर डांटा फटकारा और नाम काट दिया। इससे परेशान सूर्य प्रताप घर छोड़कर गायब हो गया। घरवालों ने काफी खोजा, लेकिन नहीं मिला। छात्र ने अपने फेसबुक अकाउंट पर अपडेट किया है कि वह प्रिंसिपल की प्रताड़ना से परेशान होकर घर से भागा है।
नाम कटने पर उसे घर में डांट पड़ती। इसलिए भाग निकला, तो फूलपुर थाने में तहरीर दी। पिता ओम प्रकाश का आरोप है कि प्रिंसिपल ने पटाखा फोड़ने पर उसे आतंकवादी, गुंडा और बदमाश कहकर फटकार लगाई थी। इतना ही नहीं स्कूल से नाम काट दिया। इस डर से उनका बेटा घर से गायब हो गया है। फूलपुर पुलिस ने छात्र के पिता की तहरीर पर प्रिंसिपल रविंद्र राम के खिलाफ गाली-गलौज, धमकी और किशोर न्याय अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ फूलपुर धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत पर मुकदमा लिखकर जांच की जा रही है।