Prayagraj News : गर्ल्स हॉस्टल का मालिक आशीष खरे।
- फोटो : अमर उजाला।
ब्लैकमेलिंग और वीडियो बेचे जाने के एंगल की भी जांच
कचहरी रोड पर गर्ल्स हास्टल के बाथरूम में स्पाई कैमरा मिलने के बाद छात्राएं सन्न हैं। वे बुरी तरह से डरी हुई हैं। पुलिस जब पहुंची तो तमाम लड़कियां रो रहीं थीं। आरोपी के कमरे से पुलिस को डिजिटल वीडियो प्लेयर, कंप्यूटर, नौ हार्ड डिस्क आदि तमाम चीजें बरामद हुई हैं।
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने सभी को सील कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया। पुलिस को आशंका है कि इतने सारे वीडियोज के माध्यम से आशीष कहीं लड़कियों को ब्लैकमेल तो नहीं कर रहा था। यह भी आशंका है कि वह इन वीडियोज को ग्रे मार्केट में भी बेच सकता है। इन्हीं बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस ने दोनों आशंकाओं के आधार पर आशीष खरे से पूछताछ की। उसके मोबाइल को भी चेक किया गया। आशीष ने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसी ने शावर में कैमरा लगवाया था लेकिन उसने वीडियो कहीं भी नहीं बेचा। न ही किसी लड़की को ब्लैकमेल किया। वह वीडियोज को खुद ही देखता था। पुलिस ने लड़कियों से भी बात की। बुरी तरह से डरी हुई लड़कियों ने बताया कि उन्हें इस बात की कल्पना भी नहीं थी कि आशीष ऐसी गिरी हुई हरकत कर सकता है।
ब्लैकमेलिंग की बात से लड़कियों ने भी इनकार किया है। सीओ अजीत सिंह चौहान ने बताया कि फिलहाल अभी तक दोनों आशंकाओं की पुष्टि नहीं हुई है लेकिन फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम रूप से कुछ कहा जाएगा। यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ने वीडियोज सोशल मीडिया के माध्यम से अपने दोस्तों या अन्य किसी को दिया कि नहीं।
राजापुर के टेक्नीशियन ने लगाया कैमरा, फरार
आशीष खरे ने कई साल पहले गर्ल्स हास्टल बनवाया था। हालांकि कोरोना काल में यहां कोई नहीं रह रहा था। 2021 नवंबर में आशीष ने राजापुर के टेक्नीशियन फय्याज की मदद से शावर में कैमरा लगा दिया था। मामला सामने आने के बाद पुलिस जब फय्याज को ढूंढने पहुंची तो वह फरार हो चुका है। घटना की उसे खबर मिल गई थी। सीओ अजीत सिंह ने बताया कि उसे भी एफआईआर में वांटेंड किया गया है। अगर यह पता चला कि आशीष ने कोई वीडियो किसी को दिया है तो उसे भी वांटेड किया जाएगा।
आशीष के लैब से बरामद सामान
एक मॉनीटर, चार रैम, नौ हार्ड डिस्क, दो डिजिटल वीडियो रिकार्डर, दो एडाप्टर, एक सीपीयू, तीन सिम, छह डायरी (जिसमें लड़कियों के फोन नंबर लिखे हैं) एक डिब्बा (100 से अधिक लड़कियों की पासपोर्ट साइज फोटो) तथा तमाम आपत्तिजनक चीजें बरामद हुई हैं।
हास्टल में थीं आठ लड़कियां, सभी ने कमरा छोड़ा
हास्टल के बाथरूम में स्पाई कैमरा मिलने के बाद गर्ल्स हास्टल में हड़कंप मच गया। कुछ लड़कियों ने अपने घर में फोन कर बताया तो कुछ ने सहेलियों को बताया। बुरी तरह से डरी लड़कियों ने दिन में ही कमरा छोड़ दिया था। पुलिस ने लड़कियों से बात की तो उनका सिर्फ यही कहना था कि वे कुछ नहीं जानती। कुछ लड़कियां अपनी सहेलियों के घर शिफ्ट हो गईं तो कुछ अपने रिश्तेदारों के घर चली गईं।
43 साल के आशीष से अलग रहती है पत्नी
कचहरी रोड पर गर्ल्स हास्टल चलाने वाला आशीष खरे अब जेल की सलाखों के पीछे है। डॉक्टर के बेटे आशीष की कई साल पहले शादी हुई थी। बच्चे भी हैं, लेकिन उसकी हरकतों के कारण उसकी पत्नी और बच्चे उसे छोड़कर अलग रहते हैं। उसके पिता ने कचहरी रोड पर घर बनवाया तो आशीष ने एक कमरे में कंप्यूटर लैब खोल दिया। बाकी के पांच कमरों में उसने गर्ल्स हॉस्टल बना लिया। पुलिस के मुताबिक आशीष से जो लोग मिलने जुलने आते थे। सभी की जांच की जाएगी।