Inspector chased BJP leader who took complaint
प्रयागराज। शिकायत लेकर गई भाजपा नेत्री को धूमनगंज थाने से भगा दिया गया। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने कार्रवाई की बजाय अपशब्दों का प्रयोग किया और दोबारा दिखने पर फर्जी मुकदमा लिखकर जेल भेजने की धमकी दी। भुक्तभोगी ने मामले की शिकायत डिप्टी सीएम से करने के साथ ही जनसुनवाई पोर्टल पर भी की है। उधर मामला संज्ञान में आने के बाद सीओ सिविल लाइंस ने जांच भी शुरू कर दी है।
आदर्श कॉलोनी चक मुंडेरा की रहने वाली अनीता देवी भाजपा कार्यकर्ता हैं। उनका आरोप है कि पिछले साल सितंबर में हुए मेले के दौरान गरीब दुकानदार से ज्यादती करने वाले मोहल्ले के ही एक नशेड़ी युवक का उन्होंने विरोध किया था। तब से वह उनसे रंजिश रखने लगा है और लगातार अभद्रता करता है। आठ अगस्त को भी उसने अभद्रता की और विरोध पर अपशब्दों का प्रयोग किया। आरोप है कि शिकायत लेकर वह धूमनगंज थाने गईं तो रिपोर्ट दर्ज करने की बजाय इंस्पेक्टर विजय सिंह ने अपशब्दों का प्रयोग किया।
साथ ही उन्हें थाने से भगा दिया। भुक्तभोगी का कहना है कि उसने मामले की शिकायत डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से करने के साथ ही जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से एसएसपी से भी की। मामले में सीओ सिविल लाइंस व्रजनारायण सिंह ने बताया कि महिला नेत्री की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। जिसमें जांच की जा रही है। बता दें कि कुछ दिनों पहले किसान यूनियन के नेता ने भी धूमनगंज इंस्पेक्टर पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की थी।