शूटिंग के दौरान एसीपी बने इंस्पेक्टर अनिरुद्ध
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर अनिरुद्ध सिंह को हीरोपंती करना महंगा पड़ गया। फिल्मों में काम करने के शौकीन इंस्पेक्टर की शिकायत मिलने के बाद कप्तान ने एसपी क्राइम से रिपोर्ट मांगी। एसपी क्राइम ने जांच के बाद रिपोर्ट एसएसपी को सौंप दी। रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने इंस्पेक्टर अनिरुद्ध सिंह को बिना सूचना ड्यूटी से गैरहाजिर रहने के आरोप में सस्पेंड कर दिया। चर्चा है कि फिल्मों में शूटिंग के चक्कर में वह अकसर बिना सूचना दिए ड्यूटी से गायब हो जाते थे।
तेज तर्रार इंस्पेक्टर अनिरुद्ध सिंह को पुलिस महकमे में ‘सिंघम’ के नाम से जाना जाता है। बताया जाता है कि कुछ साल पहले वाराणसी में एक फिल्म की शूटिंग चल रही थी। उस समय अनिरुद्ध की तैनाती वहीं थी और शूटिंग के समय उनकी ड्यूटी भी लगी हुई थी। अनिरुद्ध की पर्सनैलिटी देखकर फिल्म के डायरेक्टर उन पर फिदा हो गया और उन्हें फिल्म में इंस्पेक्टर के रोल के लिए ऑफर कर दिया। इस घटना के बाद अनिरुद्ध सिंह खासे चर्चा में आ गए। बॉलीवुड के प्रति उनका काफी रुझान भी रहा है। वह अकसर फेसबुक पर अपनी फोटो फिल्मी दुनिया के सितारों के साथ अपडेट भी करते रहते हैं।
डेढ़ साल पहले इंस्पेक्टर अनिरुद्ध सिंह वाराणसी से ट्रांसफर होकर इलाहाबाद आ गए। यहां वह इंस्पेक्टर झूंसी और अतरसुइया रहे। कुछ महीने पहले उनका तबादला क्र ाइम ब्रांच इन्वेस्टीगेशन विंग में कर दिया गया, लेकिन फिल्मी दुनिया के प्रति उनका रुझान कम नहीं हुआ।
क्राइम ब्रांच में तैनाती के दौरान वह अकसर बिना सूचना के ड्यूटी से गायब रहते थे। यह शिकायत एसएसपी केएस इमेनुएल तक पहुंची। शिकायत पर एसएसपी ने एसपी क्राइम रमाकांत प्रसाद से रिपोर्ट मांगी। एसपी क्राइम की रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी ने अनिरुद्ध सिंह को सस्पेंड कर दिया। सूत्रों के मुताबिक इंस्पेक्टर अनिरुद्ध फिल्मों में शूटिंग के चक्कर में बिना अनुमति के गायब हो जाते हैं। इससे अफसर उनसे नाराज थे।
लिफ्ट बंद होने पर कर्मचारी को इंस्पेक्टर ने जड़ दिया था थप्पड़
इलाहाबाद (ब्यूरो)। अतरसुइया में तैनाती के दौरान इंस्पेक्टर अनिरुद्ध कचहरी गए थे। वहां लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे। अचानक लिफ्ट बीच में ही फंस गई। लिफ्ट खुलने के बाद गुस्से में इंस्पेक्टर ने लिफ्ट कर्मचारी को कई थप्पड़ जड़ दिए। लिफ्ट कर्मचारी को पिटते देख वकीलों ने दौड़ाया तो सिंघम भाग निकले थे।