Inside the insurer's office, beaten the collection manager
- फोटो : CITY DESK
बीमा कंपनी के ऑफिस में घुसकर कलेक्शन मैनेजर को पीटा
आधे घंटे तक दर्जनों युवकों ने सिविल लाइंस ऑफिस में मचाया उत्पात
प्रयागराज। सिविल लाइंस, महात्मा गांधी मार्ग स्थित एक निजी बीमा कंपनी के आफिस में घुसकर कुछ युवकों ने कलेक्शन मैनेजर को बुरी तरह पीट डाला। बीच-बचाव में आए कर्मचारियों को भी युवकों ने धुन दिया। मारपीट में मैनेजर समेत एक अन्य कर्मचारी घायल हो गया। मारपीट शुरू होते ही वहां हंगामा मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और एक युवक को पकड़कर थाने ले आई। मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
महात्मा गांधी मार्ग स्थित मनोरमा हाउस में एक निजी बीमा कंपनी का ऑफिस है। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे तीन युवक ऑफिस में कलेक्शन मैनजर हर्ष त्रिपाठी के पास पहुंचे और एक मैसेज दिखाते हुए पैसा काटे जाने की वजह पूछने लगे। हर्ष ने यह पैसा बीमा कंपनी की ओर से न काटे जाने की बात कही। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है युवकों ने अपने कई साथियों को बुला लिया। उनके पहुंचते ही युवकों ने हर्ष को बाहर खींचकर मारना शुरू कर दिया। उनको बचाने के लिए कुछ कर्मचारी आगे आए लेकिन युवकों ने उनको भी पीट डाला। मारपीट में मैनेजर हर्ष एवं विष्णु गिरि लहूलुहान हो गए जबकि सचिन जायसवाल के पूरे कपड़े फट गए। मारपीट के बीच करीब आधे घंटे तक वहां अफरातफरी मची रही। इसी बीच एक कर्मचारी ने ऑफिस का शटर बंद करने की कोशिश की। यह देखकर हमलावर वहां से भागने लगे। भागते समय एक युवक कर्मचारियों के हाथ आ गया। तब तक पुलिस भी वहां पहुंच गई। पकड़े गए युवक को कर्मचारियों ने पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ में पकडे गए युवक ने अपना नाम प्रमोद मौर्या निवासी चकिया बताया। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस राकेश चौरसिया के मुताबिक मैनेजर हर्ष की तहरीर पर हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उनकी तलाश की जा रही है। उधर, भुक्तभोगी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद उसे समझौता करने के लिए धमकाया जा रहा है।