सार
सुबह की पहली किरण के साथ प्रयागराज की सड़कों पर कदमों का रोमांच दिखाई दिया। आनंद भवन से शुरू हुई मैराथन में किसी ने 42.195 किलोमीटर की चुनौती स्वीकार की तो कोई 21 किलोमीटर की दौड़ में दमखम दिखाने उतरा। मंडलायुक्त की हरी झंडी के साथ शहर खेल भावना और उत्साह के रंग में रंग गया। धावकों पर जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई।
इंदिरा मैराथन 2026 में हिस्सा लेते धावक।
- फोटो : अमर उजाला।
शहर में बृहस्पतिवार सुबह 6:30 बजे आनंद भवन से मैराथन का शुभारंभ हुआ। मंडलायुक्त एम. लोकेश ने हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया। सबसे पहले 42.195 किलोमीटर की फुल मैराथन शुरू हुई। इसके बाद 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन को रवाना किया गया। दौड़ मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में पूरी होगी।
मैराथन के मद्देनजर निर्धारित मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया गया है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए जगह-जगह स्वयंसेवकों और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है। धावकों की प्रगति और समय पर नजर रखने के लिए आरएफआईडी ट्रैकिंग चिप युक्त बिब नंबर दिए गए हैं। पूरे मार्ग पर कुल 16 बूथ तैयार किए गए हैं।
यह रहेगा हाफ मैराथन का मार्ग
हाफ मैराथन आनंद भवन से शुरू होकर बैंक रोड, तेलियरगंज कोल्ड स्टोरेज होते हुए महर्षि पतंजलि संस्थान पहुंचेगी। यहां से धावक बाएं मुड़कर म्योहाल चौराहा, धोबी घाट और हाईकोर्ट से गुजरेंगे। इसके बाद पत्थर गिरजाघर, मेडिकल चौराहा और सीएमपी कॉलेज से दाएं मुड़ेंगे। बैरहना होते हुए नए नैनी पुल के आगे से यू-टर्न लेकर स्टेडियम पहुंचेंगे।
868 धावकों ने कराया पंजीकरण
मैराथन के लिए बुधवार तक कुल 868 धावकों ने पंजीकरण कराया था। फुल और हाफ मैराथन के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से पंजीकरण किए गए। बुधवार को ऑफलाइन पंजीकरण के दौरान फुल मैराथन में 211 पुरुष और 19 महिलाओं ने पंजीकरण कराया। वहीं, हाफ मैराथन में 230 पुरुष और 39 महिलाओं ने पंजीकरण कराया। इससे पहले मंगलवार को कुल 369 धावकों ने पंजीकरण कराया था।