Indian Railways will be hundred percent electrified in the next three years
अगले तीन वर्ष में भारतीय रेल का हो जाएगा सौ फीसदी विद्युतीकरण
एनसीआर मुख्यालय और कोर मुख्यालय में सीआरबी ने की समीक्षा बैठक
सीआरबी ने जन जागरूकता के लिए लांच किया ‘गप्पू भइया’ एनीमेशन वीडियो
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। अगले तीन वर्ष भारत विश्व का पहला ऐसा देश हो जाएगा जहां ब्रांड गेज के सभी रेलमार्ग का पूर्ण रूप से विद्युतीकरण हो जाएगा। यह बातें शनिवार को चेयरमैन रेलवे बोर्ड (सीआरबी) वीके यादव ने उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में कहीं। बैठक में उन्होंने एनसीआर अफसरों द्वारा टूंडला में कराई गई नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य करने पर पीठ भी ठोंकी। इस दौरान एनसीआर प्रशासन द्वारा जोन में किए गए विभिन्न कार्यों का पावर प्वाइंट प्रस्तुतिकरण किया गया।
एनसीआर मुख्यालय में सीआरबी ने जन जागरूकता के लिए बनाए गए ‘गप्पू भइया’ नाम के एनीमेशन वीडियो स्पॉट को भी लांच किया गया। यहां बताया गया कि यह वीडियो स्पॉट जोन के सभी प्रमुख स्टेशनों पर लगी एलईडी, वीडियो वैन आदि में दिखाया जाएगा। इसके अलावा स्कूलों में भी जाकर बच्चों को इसके माध्यम से जागरूक किया जाएगा। इस दौरान सीआरबी ने कहा पिछले सात माह में एक भी रेल दुर्घटना नहीं हुई। रेलवे इस लक्ष्य के साथ काम कर रहा है कि अगले पांच-सात वर्ष में यात्रियों की मांग पर ट्रेनों का संचालन किया जा सके। कोहरे के दौरान फॉग सेफ डिवाइस का सभी ट्रेनों में प्रयोग किया जाएगा। एनसीआर मुख्यालय के बाद केंद्रीय रेल विद्युतीकरण संगठन (कोर) मुख्यालय में भी सीआरबी ने समीक्षा बैठक की। इस दौरान कोर महाप्रबंधक यशपाल ने कोर द्वारा किए जा रहे कार्यों का ब्यौरा सीआरबी के समक्ष रखा।