प्रयागराज। 73वें स्वतंत्रता दिवस पर एडीजी एसएन साबत, डीआईजी केपी सिंह समेत कुल 58 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। उन्हें राष्ट्रपति पदक, डीजी प्रशंसा चिह्न व भारत सरकार के अतिउत्कृष्ट व उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया। उधर पुलिस लाइन में धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सूबे के 116 लोगों को डीजीपी प्रशंसा चिह्न दिए जाने की घोषणा की गई थी। इसमें एडीजी समेत प्रयागराज जोन के 18 पुलिस अफसरों व कर्मचारियों के नाम शामिल थे। जिन्हें बृहस्पतिवार को प्रशंसा चिह्न प्रदान किए गए। इनमें एडीजी जोन एसएन साबत को प्लेटिनम, डीआईजी केपी सिंह को गोल्ड प्रशंसा चिह्न दिया गया। इसी तरह राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए चयनित आरटीसी कार्यालय प्रयागराज में तैनात निर्मल कुमार मिश्र को मेडल व स्क्रॉल और सीओ आदेश कुमार त्यागी व माजिद अबसार को स्क्रॉल प्रदान किया गया। इससे पहले पुलिस लाइन में धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। जिसमें एसएसपी अतुल शर्मा ने ध्वजारोहण किया।
रविभूषण, विनीत समेत 14 को सिल्वर
डीजीपी प्रशंसा चिह्न के सिल्वर पदक जिले में तैनात कुल 14 पुलिसकर्मियों को दिया गया। इनमें पीआरओ एडीजी जोन रविभूषण श्रीवास्तव, इंस्पेक्टर करेली विनीत सिंह का भी नाम शामिल है। इसके अलावा एसपी ट्रैफिक कुलदीप सिंह, एसपी क्राइम आशुतोष मिश्र, दीपेंद्रनाथ चौधरी आदि को भी यह पुरस्कार दिया गया।
धमेंद्र समेत 19 को उत्कृष्टसेवा पदक
उधर इस स्वतंत्रता दिवस पर पहली बार भारत सरकार की ओर से पुलिसकर्मियों को अति उत्कृष्ट व उत्कृष्ट सेवा पदक से भी सम्मानित किया गया। इनमें से 18 को अतिउत्कृष्ट सेवा पदक मिला। जबकि अग्निशमन विभाग में तैनात फायरमैन धर्मेद्र कुमार मिश्रा समेत 19 लोगों को उत्कृष्ट सेवा पदक दिया गया। धर्मेंद्र सूबे में इकलौते अग्निशमन विभागकर्मी हैं जिन्हें यह पदक प्राप्त हुआ। इसके अलावा उन्हें हीरक प्लैटिनम प्रशंसा चिह्न भी दिया गया।