शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर बेरोजगारों का धरना 19वें दिन शनिवार को भी जारी रहा। पत्थर गिरजाघर स्थित धरना स्थल पर बेरोजगार एलटी ग्रेड सहित अन्य भर्तियों का विज्ञापन जारी करने और नए शिक्षा आयोग का गठन तत्काल करने की मांग को लेकर बैठे रहे।
प्रदेश में छह लाख से ज्यादा रिक्त पदों को तत्काल भरने को लेकर बेरोजगारों का पत्थर गिरजाघर में 19वें दिन धरना जारी रहा। युवा मंच अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि तीन जनवरी को मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षा आयोग गठन की घोषणा के एक साल पूरे हो जाएंगे, लेकिन अभी भी इसे लेकर संशय बरकरार है कि क्या आचार संहिता लागू होने तक शिक्षा सेवा आयोग का विधिवत गठन और टीजीटी पीजीटी, असिस्टेंट प्रोफेसर समेत लंबित भर्तियों को लेकर चयन प्रक्रिया शुरू हो पाएगी।
विज्ञापन
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की कि लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़े इस सवाल को शीर्ष प्राथमिकता में लेकर जनवरी अंत तक शिक्षा आयोग का गठन सुनिश्चित कराने के लिए मुख्य सचिव को आवश्यक निर्देश दें। इसके अलावा टीजीटी पीजीटी विज्ञापन 2022 में 25 हजार पदों को शामिल करने, एलटी व प्रवक्ता जीआईसी के रिक्त पदों को विज्ञापित करने, प्राथमिक विद्यालयों में रिक्त पदों पर विज्ञापन जारी करने की मांग की।
नए शिक्षा आयोग में शिक्षकों की सेवा सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी धारा 21 व 18 को हटा दिया गया है, ऐसे में मांग की कि शिक्षकों की प्रबंधकों के उत्पीड़न से बचाव के लिए उपर्युक्त कदम उठाए जाएं। युवा मंच ने नए वर्ष के पहले दिन एक जनवरी को महत्वपूर्ण मीटिंग बुलाई है, जिसमें आचार संहिता लागू होने के पहले निर्णायक आंदोलन के आगाज के लिए रूपरेखा तैयार होगी। इस मौके पर युवा मंच संयोजक राजेश सचान, अर्जुन प्रसाद, हिमांशु अग्रवाल, धर्मराज यादव आदि मौजूद रहे।