सात फर्मों पर आयकर सर्वे की कार्रवाई में मिली जानकारी, टैक्स वसूली की प्रक्रिया शुरू
प्रयागराज। आयकर विभाग ने शहर के सात कपड़ा प्रतिष्ठानों पर सर्वे की कार्रवाई में तीन करोड़ रुपये की कर चोरी पकड़ी है। अब इन फर्मों से कर चोरी की धनराशि के एवज में ब्याज के साथ 30 प्रतिशत टैक्स की वसूली की जाएगी। टैक्स अदा न करने पर फर्मों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बीते बुधवार को आयकर विभाग ने शहर के सात कपड़ा प्रतिष्ठानों पर एक साथ सर्वे की कार्रवाई की थी। इनमें फाफामऊ स्थित मकुंदी लाल क्लाथ सेंटर, सरदार पटेल मार्ग स्थित मेसर्स सरदार क्रिएशन, एमजी मार्ग स्थित सरदार इंपोरियम, जेंटस इंपोरियम, धर्मेश फैशन, दशमेश ट्रेडर्स की खरीद-बिक्री और मुनाफे का रिकार्डों का गहन सर्वे किया गया था। रिकार्ड की जांच और रसीदों के मिलान के बाद इन फर्मों में तीन करोड़ रुपये की कर चोरी मिली है। आयकर की सर्वे टीम के मुताबिक इन प्रतिष्ठानों में स्टाक स्टाक में भारी अंतर पाया गया था। खरीद-बिक्री की रसीदें नहीं मिलीं थीं। इसके अलावा बेहिसाब बिक्री और बेहिसाब मुनाफे का भी पता चला थी। अलग-अलग सर्वे टीमों की ओर से मंगलवार को विवरण प्रस्तुत किया गया। प्रधान आयकर आयुक्त सुवचन राम ने बताया कि इस कार्रवाई में तीन करोड़ रुपये से अधिक की कर चोरी पकड़ी गई है। अब इनके विरुद्ध टैक्स वसूली की कार्रवाई की जाएगी।