शाहगंज में क्राइम ब्रांच का सिपाही बनकर दो बदमाशों ने ऑटो रिक्शा चालक अरशद अली अंसारी से लूटपाट की। 800 नकद छीन लिए और फिर एटीएम कार्ड लेकर 25 हजार निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस ने घटना में शामिल एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि उसका साथी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
झूंसी के मलावा का रहने वाला अरशद ऑटो चलाता है। रविवार शाम रिश्तेदार के घर आयोजित शादी समारोह के लिए वह मांस उतरांव पहुंचाने के लिए निकला। रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया और क्राइम ब्रांच का सिपाही बताते हुए उसे गोतस्करी में जेल भेजने की धमकी देने लगे। एक लाख रुपये भी मांगे। मना करने पर पिटाई की और फिर उसे तमंचा दिखाकर जंक्शन के पास लीडर रोड पर ले आए।
जेब से 800 रुपये निकाल लिए और एटीएम कार्ड छीनकर पिन पूछ लिया। साथ ही एटीएम से भी 25 हजार रुपये निकाल लिए और फिर धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत की तो पुलिस सक्रिय हुई।
इसके बाद घटना में शामिल मुख्तार आलम निवासी कर्नलगंज को गिरफ्तार कर उससे लूटे गए 25800 रुपये बरामद कर लिए। एसओ अरविंद राय ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि घटना में उसके साथ दरियाबाद निवासी तारिक था। उसकी तलाश की जा रही है।