क्षेत्र के हनुमान नगर स्टेशन रोड स्थित पूर्णिमा मेडिकल स्टोर के संचालक फते बहादुर कुशवाहा के जीएसटी नंबर को हैक करके जालसाजों ने एक दवा कंपनी से उनके नाम पर 28 लाख रुपये की दवा का आर्डर कर दिया।
यही नहीं दवा कंपनी ने बिना जांच पड़ताल के ही जालसाजों के आर्डर पर ही मेडिकल स्टोर संचालक के जीएसटी नंबर के जरिए 25 लाख रुपये की दवा की डिलेवरी भी कर दी। जब दवा कंपनी का पैसा फंस गया तो दवा कंपनी मालिक और उसके कर्मचारी फतेह बहादुर पर दबाव बनाने लगे। परेशान फतेह बहादुर ने नैनी कोतवाली में तहरीर देकर पूरे प्रकरण की जांच कराकर न्याय दिलाने की गुजारिश की है।
क्षेत्र के सीओडी रोड चाका अंतर्गत गंगा नगर निवासी फते बहादुर कुशवाहा की नैनी के हनुमान नगर स्टेशन रोड पर पर पूर्णिमा मेडिकल स्टोर है। फते बहादुर के मुताबिक हिमाचल प्रदेश की दवा कंपनी से वह काफी दिनों से दवा मंगाते हैं। उनका जीएसटी नंबर दवा कंपनी के पास है। पिछले दिनों दवा कंपनी को किसी ने फते बहादुर के जीएसटी नंबर के जरिए इलाहाबाद के लिए 28 लाख की दवा का आर्डर किया था। जिसमें दवा कंपनी ने 25 लाख की दवा फतेबहादुर के जीएसटी नंबर के आधार पर दे दी दी गई।
फते बहादुर का कहना है कि उन्होंने कोई आर्डर नहीं किया है। उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। उन्होंने हिमांचल प्रदेश की दवा कंपनी के मालिक प्रवीण भल्ला, कर्मचारी एकता पांडेय, राम प्रकाश तिवारी, उदय कुमार चंद्रा, राजकुमार उर्फ राजाबाबू के नाम भी तहरीर में लिखा है और जांच कराकर कार्रवाई की गुजारिश की है। फते बहादुर का कहना है कि कंपनी का जब पैसा फंस गया तो कंपनी वाले उन पर दबाव बना रहे हैं और धमका रहे हैं, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान है।