प्रतापगढ़ में अधिवक्ता की गोली मारकर की गई हत्या से कौशाम्बी के वकीलों में भी गुस्सा है। बुधवार को वकीलों ने दिनभर न्यायिक कार्य ठप रखा। पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद और हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। मॉडल डिस्ट्रिक बार एसोसिएशन कौशाम्बी के अधिवक्ताओं ने बुधवार को 48 खंभा परिसर में बैठक की। इसमें प्रतापगढ़ में साथी की गोली मारकर की गई हत्या पर गुस्सा जताया गया।
अधिवक्ताओं ने कहा कि प्रतापगढ़ पुलिस प्रशासन हत्यारोपी को जल्द गिरफ्तार करके जेल भेजे। पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद की मांग शासन से की। मदद और गिरफ्तारी में देरी होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। बैठक में दो मिनट का मौन रखकर आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। बार एसोसिएशन कौशाम्बी के अध्यक्ष प्रेमनाथ शुक्ल, महामंत्री राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी, चंद्रदत्त शुक्ल आदि रहे।