यूपीटीयू से जुड़े इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए छात्रों को गणित में अच्छे अंक पाना होगा। बीटेक सहित इंजीनियरिंग के अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए तैयार होने वाली मेरिट में गणित में अधिक अंक पाने वाले को वरीयता मिलेगी। प्रवेश परीक्षा में दो अभ्यर्थियों को गणित, भौतिकी और रसायन विज्ञान में बराबर अंक मिलने की स्थिति में अधिक आयु वाले को पहले प्रवेश मिलेगा।
प्रदेश के सरकारी और निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा समिति ने मेरिट बराबर होने पर जिन अभ्यर्थियों के गलत उत्तरों की संख्या कम होगी उन्हें प्रवेश में वरीयता दी जाएगी। यूपीटीयू के सेंट्रल एडमीशन बोर्ड (कैब) ने निर्णय लिया है कि मेरिट का निर्धारण गलत प्रश्नों के आधार पर किया जाएगा।
प्रवेश समिति ने इसी केसाथ बीफार्मा कोर्स में प्रवेश के लिए जीव विज्ञान में अधिक अंक पाने वाले को वरीयता देने का निश्चय किया है। इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा में छात्रों का मार्गदर्शन करने वाले एसएन पांडेय ने बताया कि यूपीटीयू के इस नियम के बाद अब परीक्षार्थी तुक्का लगाकर प्रश्नों को हल करने में समय खराब नहीं करेंगे। उन्होंने कहा इससे परीक्षार्थियों का अच्छे इंस्टीट्यूट में प्रवेश का मौका मिलेगा। इससे छात्रों को सही उत्तर देने के लिए उत्साहित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि समान अंक की स्थिति में अधिक उम्र वाले अभ्यर्थी को वरीयता देने का निर्णय भी सही है।