झूंसी (प्रयागराज)। आवास विकास कालोनी योजना तीन स्थित डाकघर का ताला तोड़कर चोरों ने मंगलवार की रात तीन लाख रुपये उड़ा दिए। चोर हजारों रुपये मूल्य के पोस्टल आर्डर भी ले गए। बुधवार की सुबह पोस्ट मास्टर के डाकघर पहुंचने पर घटना का पता चला तो हड़कंप मच गया। मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
आवास विकास कालोनी योजना तीन में बैंक ऑफ बड़ौदा और बैंक ऑफ इंडिया के पास ही झूंसी डाकघर है। ग्राहकों की आरडी की रकम प्रतिदिन शाम को मुख्य डाकघर में जमा करा दी जाती है। मंगलवार को किन्हीं कारणों से आरडी (रिकरिंग डिपॉजिट) के जरिए प्राप्त तकरीबन तीन लाख रुपये मुख्यालय में जमा नहीं हो पाए। उसे डाकघर के आयरन चेस्ट के भीतर लोहे के बक्से में रख दिया गया। मंगलवार की रात शातिर चोरों ने चैनल में लगा ताला काटा और परिसर में पहुंच गए। चोरों ने आयरन चेस्ट का लॉक तोड़ तीन लाख रुपये से भरा बक्सा निकाल लिया। बक्से में रखे हजारों के सैकड़ों पोस्टल ऑर्डर भी उठा ले गए। लोहे की दो अलमारियों का लॉक भी तोड़कर खंगालीं, हालांकि वहां कुछ नहीं मिला।
बुधवार की सुबह तकरीबन साढ़े नौ बजे पोस्ट मास्टर शत्रुघ्न तिवारी मौके पर पहुंचे तो मुख्य चैनल का टूटा ताला और भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा मिला। मौके पर पुलिस और डॉग स्क्वाएड की टीम भी मौके पर पहुंची और तफ्तीश की। डाकघर कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। बाद में पोस्ट मास्टर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया। तकरीबन पांच साल पहले नई झूंसी से डाकघर को आवास विकास कालोनी में स्थानांतरित किया गया था। एसपी गंगापार ने बताया कि झूंसी पुलिस के साथ साथ क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है।