अतिक्रमण को लेकर पुलिस और महिला में नोकझाेंक
कटरा में फुटपाथ खाली कराने पहुंचे अतिक्रमण दस्ते को लेकर सोमवार को हंगामा हो गया। एक महिला दुकानदार वेंडिंग जोन घोषित होने का दावा कर दस्ते से भिड़ गई। पुलिस के रोकने पर नोकझोंक की, लेकिन एसीएम प्रथम गौरव रंजन के सामने उसकी नहीं चली। दस्ते ने अभियान चलाकर फुटपाथ खाली करवाया। वहीं, आजाद स्ट्रीट वेंडर यूनियन ने इसे अवैधानिक कार्रवाई करार देते हुए मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करने की बात कही है।
लक्ष्मी टॉकीज से कमिश्नरी और यूनिवर्सिटी तक सड़क के दोनों ओर फुटपाथ पर पटरी दुकानदारों के कब्जे के कारण लोगों को रोजाना जाम से जूझना पड़ता था। इससे निजात दिलाने के लिए सोमवार को एसीएम प्रथम के नेतृत्व में अतिक्रमण दस्ता लक्ष्मी टॉकीज पहुंचा और अभियान की शुरुआत की। इससे पटरी दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच पटरी दुकानदार लीलावती पांडे पहुंचीं और खुद को टाउन वेंडिंग कमेटी का सदस्य बताते हुए दावा कि लक्ष्मी टॉकीज के आसपास के फुटपाथ को महापौर ने वेंडिंग जोन घोषित किया है।
अपने दावे को लेकर वह दस्ते से भिड़ गई। महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो नोकझोंक शुरू हो गई। एसीएम ने कार्रवाई की चेतावनी देते हुए अभियान को जारी रखने का निर्देश दिया। फिर दस्ते ने लक्ष्मी टॉकीज से कमिश्नरी और यूनिवर्सिटी तक सड़क के दोनों ओर की तकरीबन 50 दुकानें हटवाकर फुटपाथ खाली कराया।
एसीएम प्रथम गौरव रंजन का कहना है कि अभियान चलवाकर फुटपाथ से करीब 50 दुकानें हटवाई गई हैं। हंगामा करने वाली महिला को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। वहीं, आजाद स्ट्रीट वेंडर यूनियन के प्रदेश महामंत्री रविशंकर द्विवेदी का कहना है कि स्मार्ट सिटी के नाम पर आए दिन पटरी दुकानदारों को परेशान किया जा रहा है, इसके खिलाफ मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा।