Prayagraj News : माफिया अतीक के साथ इमरान प्रतापगढ़ी। फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला।
महाराष्ट्र से कांग्रेस की ओर से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाए गए प्रतापगढ़ के शायर इमरान प्रतापगढ़ी ने हाल के वर्षों में तेजी से सियासी सीढ़ियां चढ़ीं हैं। मुशायरों में शेरो-शायरी सुनाते-सुनाते उन्होंने सियासत की राह पकड़ ली और देखते ही देखते कांग्रेस नेतृत्व के करीबी हो गए। कांग्रेस ने चुनावों के दौरान उन्हें अहम जिम्मेदारियां भी दीं। हालांकि बाहुबली माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ से नजदीकी को लेकर भी इमरान चर्चा में रहे हैं।
कुछ वर्ष पहले तक इमरान प्रतापगढ़ी का नाम उदीयमान शायरों में गिना जाता था। प्रयागराज ही नहीं बल्कि दूरदराज तक मुशायरे के कार्यक्रमों में उन्हें आमंत्रित किया जाता था। इसके बाद वह कांग्रेस में शामिल होकर सियासी मैदान में उतर गए। सियासी दुनिया में इमरान का नाम तब चर्चा में आया जब कांग्रेस ने चुनावों के दौरान उन्हें अहम जिम्मेदारियां देनी शुरू कीं।
कांग्रेस ने इमरान को लोकसभा चुनाव में भी उतरा था। यूपी विधानसभा चुनाव में जब कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची में इमरान को शामिल किया, तब उनका नाम फिर चर्चा में आया। चुनाव के दौरान प्रचार के लिए उन्हें हेलिकॉप्टर भी दिया गया था। तब से ही माना जा रहा था कि इमरान सियासत में कोई न कोई बड़ा मुकाम जल्द हासिल करेंगे।