आरओ/एआरओ के नए पदों का अधिचायन भी आयोग को प्राप्त हो चुका है। इसके बावजूद आयोग के वार्षिक परीक्षा कैलेंडर में इनमें से किसी भर्ती को जगह नहीं दी गई। समकक्ष अर्हता स्पष्ट न होने के कारण एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती अटकी हुई है। आयोग ने महीनों पहले समकक्ष अर्हता पर स्थिति स्पष्ट करने के लिए शासन को पत्र लिखा था। सूत्रों का कहना है कि अब तक स्थिति स्पष्ट न होने के कारण इस भर्ती को कैलेंडर में शामिल नहीं किया गया।
वहीं, अपर निजी सचिव की सेवा नियमावली में संशोधन का काम भी अटका हुआ है और इसी वजह से पद रिक्त होने के बावजूद नई भर्ती शुरू नहीं हो पा रही है। इसी वजह से एपीएस भर्ती को भी कैलेंडर में जगह नहीं मिली। प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के अध्यक्ष अवनीश पांडेय का कहना है कि आयोग और शासन दोनों ही बेरोजगारों की समस्या के प्रति गंभीर नहीं हैं। बहुत ही छोटे कारणों से भर्तियां अटकी हुईं हैं, जिनका निराकरण आयोग और शासन स्तर पर एक सप्ताह के भीतर किया जा सकता है।
सिर्फ औपचारिकता के लिए जारी किया कैलेंडर
प्रतियोगी छात्रों का कहना है कि आयोग ने सिर्फ औपचारिकता पूरी करने के लिए भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी किया। युवा मंच के बैनर तले सलोरी में सोमवार को हुई सभा में प्रतियोगी छात्रों ने कहा कि चिकित्साधिकारी, आयुर्वेद (स्क्रीनिंग) परीक्षा-2022, सहायक अभियोजन अधिकारी (मुख्य) परीक्षा-2022, पीसीएस जे-2022 और खान निरीक्षक (मुख्य) परीक्षा-2022 की तिथि पहले से निर्धारित है। कैलेंडर में नई भर्ती परीक्षा के रूप में सिर्फ पीसीएस-2023 और एसीएफ/आरएफओ-2023 को शामिल किया गया है। इसके अलावा कैलेंडर में वर्ष 2023 की कोई नई परीक्षा शामिल नहीं की गई है। बैठक में राजेश सचान, अनिल सिंह, अंबरीश चतुर्वेदी, मान सिंह, पीएस परिहार, राहुल सिंह, विपिन तिवारी, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।