Illegal Arms factory caught in Ghurpur
- फोटो : CITY DESK
प्रयागराज। घूरपुर में भीटा पहाड़ी पर चल रही अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 10 पिस्टल व 10 तमंचों के साथ असलहा बनाने का सामान बरामद हुआ है। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी भीटा पहाड़ी पर सुजावन देव मंदिर तिराहा से पहले अवैध असलहा फैक्ट्री चल रही है। जिस पर शुक्रवार रात 9.30 बजे के करीब व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ के बृजेंद्रनाथ राय व अन्य ने घूरपूर पुलिस की मदद से भीटा पहाड़ी पर बताए गए स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान वहां पन्नी की छावनी के नीचे भट्ठी जलती मिली। जिसके बाद मौके से चंद्रबली पासी व संतलाल विश्वकर्मा निवासी खाई थाना करछना को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से चार पिस्टल, 10 तमंचा के साथ ही भारी मात्रा में असलहा बनाने का सामान बरामद हुआ। जिनमें छेनी, सुम्मी, रेती, हथौड़ी आदि शामिल है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार चंद्रबली पर पहले से छह और संतलाल पर एक मुकदमा दर्ज है। चंद्रबली शराब बेचने और संतलाल दुष्कर्म, डकैती के मामले में भी नामजद हो चुका है। एसएसपी ने गिरफ्तारी करने वाली टीम को 15 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।