Allahabd University ragging issue
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के सर सुंदर लाल (एसएसएल) हॉस्टल में रैगिंग का मामला सामने आने के बाद सात छात्रों को तत्काल प्रभाव से इविवि से निलंबित और हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है। आरोप है कि छात्रों ने जूनियरों से गालीगलौज की और हॉस्टल की छत पर ले जाकर उन्हें मुर्गा बनाया। इविवि प्रशासन ने यह कार्रवाई पीड़ित छात्रों की लिखित शिकायत के आधार पर की है।
एसएसएल हॉस्टल में रहने वाले बीए द्वितीय वर्ष के छात्र आदित्य सिंह, अवनीश यादव, संजय पाल और बीए तृतीय वर्ष के छात्र विशाल यादव, नीलेश कुमार अग्रहरि, आनंद कौशल सिंह एवं उत्तम कुमार पर आरोप है कि वह स्नातक प्रथम वर्ष के आठ छात्रों से परिचय पूछने के नाम पर उन्हें रात के वक्त हॉस्टल की छत पर ले गए। अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें गालियां दीं और जूनियर छात्रों को भी गालियां देने के लिए विवश करते हुए मुर्गा बनाया। पीड़ित छात्रों ने इस पूरे मामले की हॉस्टल के अधीक्षक से लिखित शिकायत की है।
अधीक्षक से घटना की जानकारी मिलने के बाद चीफ प्रॉक्टर प्रो. रामसेवक दुबे ने शनिवार को सभी सातों आरोपी छात्रों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए हॉस्टल से भी निष्कासित कर दिया और चेतावनी दी कि 24 घंटे के भीतर परिसर छोड़ दें। छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 13 अगस्त को शाम चार बजे चीफ प्रॉक्टर कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है और पूछा गया है कि क्यों न उन्हें विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया जाए। इसके साथ ही चीफ प्रॉक्टर ने रैगिंग एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराने के लिए कर्नलगंज थाने को तहरीर भी भेज दी है।