मनमोहन पार्क से लक्ष्मी चौराहा तक सड़क चौड़ीकरण के बाद डिवाइडर निर्माण, सड़क पर जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए केसी ड्रेन निर्माण और कोर कटिंग का कार्य पीडीए की तरफ से कराया जा रहा है।
संगमनगरी में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत हो रहे कार्यों में लगातार मानकों की अनदेखी के आरोप लग रहे हैं। इसी बीच बुधवार को आईआईटी बीएचयू की टीम कटरा में मनमोहन पार्क से लक्ष्मी चौराहा तक की सड़क पर बन रहे डिवाइडर, केसी ड्रेन समेत अन्य कार्यों का सैंपल लेने पहुंची। टीम ने सभी निर्माण कार्यों का सैंपल इकट्ठा किया।
विज्ञापन
मनमोहन पार्क से लक्ष्मी चौराहा तक सड़क चौड़ीकरण के बाद डिवाइडर निर्माण, सड़क पर जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए केसी ड्रेन निर्माण और कोर कटिंग का कार्य पीडीए की तरफ से कराया जा रहा है। इन निर्माण कार्यों में अनियमितता और मानकों की अनदेखी को लेकर पूर्व पार्षद आनंद अग्रवाल ने शिकायत की थी।
जिसके बाद मंडलायुक्त के निर्देश पर आईआईटी बीएचयू की टीम बुधवार को प्रयागराज पहुंची। आईआईटी बीएचयू के प्रो. प्रेम कुमार की टीम ने निर्माण कार्यों की जांच कर सैंपल लिया। टीम में शामिल पीएचडी स्कॉलर अमरदीप पांडेय ने बताया कि सैंपल की जांच के बाद सामने आएगा कि मानक के अनुरूप कंकरीट आदि का प्रयोग हुआ है या नहीं।
विज्ञापन
उधर, पूर्व पार्षद आनंद अग्रवाल का आरोप है कि सड़क पर ड्रेनेज सिस्टम बेहद खराब तरीके से बनाया जा रहा है। सड़क के पानी को नालियों तक पहुंचाने के लिए जिन पाइपों का प्रयोग हो रहा है, वह भी ठीक प्रकार से नहीं लगाया गया है।