इलाहाबाद (ब्यूरो)। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) एक वर्ष के अंतराल के बाद अपना शैक्षिक रेडियो चैनल ‘ज्ञानवाणी’ एवं टीवी चैनल ‘ज्ञान दर्शन’ शुरू करने जा रहा है। दूरस्थ शिक्षा के अंतर्गत अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए इग्नू की ओर से 10 वर्ष पूर्व ज्ञानवाणी रेडियो एवं ज्ञानदर्शन टीवी चैनल शुरू किया गया था। संवादहीनता और चैनल के लिए आने वाले आकाशवाणी के बिल का भुगतान नहीं होने की बात कहकर अक्तूबर 2014 में विश्वविद्यालय ने इन शैक्षिक चैनल्स को बंद कर दिया था। इस समय विवि पर इस शैक्षिक चैनल का लाखों रुपये बकाया था। विवि के इस कदम के बाद इलाहाबाद स्थित इग्नू के ज्ञानवाणी केंद्र को दोबारा शुरू करने की उम्मीद जग गई है।
इग्नू के कुलपति प्रो.नागेश्वर राव ने अमर उजाला को बताया कि मानव संसाधन विकास मंत्री की घोषणा के बाद अब विवि शैक्षिक रेडियो चैनल ‘ज्ञानवाणी’ एवं टीवी चैनल ‘ज्ञान दर्शन’ को दोबारा शुरू करने जा रहा है। प्रो.राव ने बताया कि इग्नू ने शैक्षिक चैनल की शुरुआत के समय दूरस्थ शिक्षा के तहत आन्ध्र प्रदेश यूनिवर्सिटी के सहयोग से शुरू किया था। प्रो. राव ने बताया कि ज्ञानवाणी चैनल के लाखों श्रोताओं को शैक्षिक जानकारी से वंचित होने के बाद मानव संसाधन विकास मंत्री ने इस चैनल को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है। इस चैनल केदोबारा शुरू होने के बाद लोगों को शैक्षिक एवं सामाजिक मुद्दों से जुड़ी जानकारी मिल सकेगी।
इग्नू के कुलपति प्रो. राव ने कहा कि विवि जल्द ही अपनी वेबसाइट के जरिए विद्यार्थियों को शैक्षिक जानकारी उपलब्ध कराना शुरू करेगा। यह प्रक्रिया इन दिनों तकनीकी कारणों से उपलब्ध नहीं थी। कुलपति का कहना है कि विवि की ओर से ‘ई-ज्ञान कोष’ नामक वेबसाइट पर विवि के स्टडी मैटेरियल भी उपलब्ध होंगे। कुलपति प्रो. राव ने कहा कि इस शैक्षिक चैनल के जरिए इग्नू देश-विदेश में अपने शैक्षिक कार्यक्रमों का विस्तार करता रहा है।