फूलपुर का इफको प्लांट (फाइल फोटो)
- फोटो : सोशल मीडिया
दो मजदूरों की हालत गंभीर, अन्य घायलों की स्थिति में हो रहा सुुधार
इफको हादसे में घायल हुए 16 मजदूरों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। इन्हें अन्य 16 मजदूरों के साथ ही अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह जानकारी देते हुए इफको के जनसंपर्क अधिकारी संजय मिश्र ने बताया कि गुलाबचन्द्र (31), संदीप (30), अंकित यादव (20), भुल्लन राम (55), वीरेंद्र कुमार (40), सोनू (40), जंगबहादुर पटेल (40), विजय सिंह (35), नंदलाल (50), हुबलाल, चंद्रशेखर, शिव प्रकाश, बेणुगोपाल, शिवकुमार समेत सभी घायलों को इलाज के लिए शहर स्थित जीवनज्योति अस्पताल, यशलोक एवं आशुतोष अस्पताल में भर्ती कराया गया हैै, जहां पर उन्हें अच्छे तरीके से इलाज की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। गंभीर रूप से घायल जीवनज्योति अस्पताल में भर्ती छत्रपाल के सिर में गंभीर चोट के चलते डाक्टरों ने बुधवार को आपरेशन किया, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं घायल बेणुगोपाल की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। अन्य की हालत में सुधार है।
बंद रहा इफको का पॉवर प्लांट, शटडाउन कार्य भी प्रभावित
इफको फूलपुर इकाई में मंगलवार को बॉयलर नं 04 के फटने से हुए हादसे के बाद पॉवर प्लांट को बंद कर दिया गया है। इफको अधिकारियों के मुताबिक जांच पड़ताल के बाद इसे फिर से चालू किया जाएगा। वहीं इस बड़ी घटना के बाद इफको फूलपुर इकाई में चल रहा शटडाउन का कार्य भी प्रभावित हुआ है। बुधवार को कम ही मजदूर काम में लगाए गए थे।
हुई शोक सभा, गमगीन रहा माहौल
इफको फूलपुर इकाई में मंगलवार को हुए हादसे के दूसरे दिन बुधवार को इफको परिसर में जहां सन्नाटा पसरा रहा। वहीं माहौल भी गमगीन रहा। सुबह 11 बजे इफको के सभी अधिकारियों ने एक शोक सभा कर हादसे में मृत मजदूरों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रख मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थनका की। शोक सभा में इफको इकाई प्रमुख एम मसूद अहमद, वरिष्ठ महाप्रबंधक कार्मिक एवं प्रशासन संजय कुदेशिया, इफको अधिकारी संघ के अध्यक्ष संजय मिश्र, महामंत्री स्वयं प्रकाश, इफको कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष रामसूरत पटेल, महामंत्री विनय यादव के अलावा अन्य इफको अधिकारी व कर्मचारी ने शोक संवेदना जताई।