कोरोना के लक्षण वाले सभी मरीजों को सरकारी अस्पताल तक लाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने नई व्यवस्था लागू की है। शासन ने इसके लिए नया हेल्प लाइन नंबर 18001805146 जारी किया है। इस हेल्पलाइन पर सिर्फ मेडिकल स्टोर चला रहे फार्मासिस्ट, आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कॉल करेंगी। उन्हें बुखार और खांसी की दवा लेने आए मरीजों के संबंध में तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर जानकारी देनी होगी। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने शासनादेश जारी करते हुए कहा कि कोरोना पर तभी अंकुश लगाया जा सकता है, जब कोविड लक्षणों वाले सभी मरीजों की जांच हो, यदि रिपोर्ट पॉजिटिव है तो तुरंत उनका इलाज शुरू किया जा सके।