रात में भी होगी छापेमारी, नहीं हो सकेगा विरोध
बिजली चोरी करने वालों को पकड़ने के लिए विभाग ने अलग तैयारी कर रखी है। विभाग की ओर से दिन में कम और रात में छापेमारी अधिक की जाएगी। देर रात तीन और चार बजे के बीच अधिकारियों की टीम लोगों के मोहल्ले की निगरानी करने निकला करेंगी। जिन घरों में बिजली चोरी पकड़ी जाएगी वहां लाल निशान लगा दिया जाएगा। दूसरे दिन सुबह अधिकारी इन घरों पर पहुंचकर उपभोक्ता का नाम और पता दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेंगे।
कटियामारों के खिलाफ दिन में अभियान चलने पर चोरों को चेकिंग की जानकारी लग जाती है और चोर आनन-फानन में तारों के जाल को हटा देते हैं। इसी वजह से बिजली चोरी करने वाले कम पकड़े जाते हैं। वहीं अमूमन बिजली चोरी पकड़े जाने पर कुछ जगहाें पर विरोध होता था, जिससे पुलिस बल की आवश्यकता पड़ती थी। देर रात चलने वाले चेकिंग अभियान में विरोध की आशंका भी कम रहेगी।
बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्ती से अभियान चलाया जा रहा है। चोरों पर लगातार कार्रवाई हो रही है। आने वाले दिनों में बिजली चोरी पर पूरी तरह से लगाम लग जाएगा। उपभोक्ताओं तक निर्बाध आपूर्ति हो, इसको लेकर हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। - प्रमोद कुमार सिंह, मुख्य अभियंता