If applicant use any source will not get job.
- फोटो : AU
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीएचईएससी) की ओर से विज्ञापन संख्या-47 के तहत प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा के तहत इंटरव्यू का कार्यक्रम जारी किया जा चुका है। इसके साथ ही नौकरी दिलाने के नाम पर ठगों का गिरोह भी सक्रिय हो गया है और सिफारिश कराने वालों की भी लंबी फेहरिस्त है। इसे देखते हुए यूपीएचईएससी की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं कि अगर कोई अभ्यर्थी सिफारिश करता है तो उसका अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जाएगा।
आयोग की सचिव वंदना त्रिपाठी की ओर से शुक्रवार को विज्ञप्ति जारी कर अभ्यर्थियों को सूचित किया कि परीक्षा में चयन को लेकर किसी के बहकावे में न आएं। अगर कोई अभ्यर्थी चयन के लिए अनुरोध करता है, दबाव बनाता है, किसी दलाल के माध्यम से आयोग को बदनाम करने का प्रयास करता है या अभ्यर्थी अपने पक्ष में किसकी तरह की सिफारिश कराता है तो उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग अधिनियम-1980 में दिए गए नियमों के अनुसार उसका अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जाएगा।
सचिव ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति की ओर से आयोग के विरुद्ध कोई भ्रामक सूचना दी जाती है या चयन को लेकर कोई प्रलोभन दिया जाता है तो तत्काल ऐसे व्यक्तियों के संबंध में आयोग को प्रमाण के साथ सूचना उपलब्ध कराएं। ऐसे व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और सूचना देने वाले अभ्यर्थी का नाम, मोबाइल नंबर एवं पता पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा।