अभियांत्रिकी एवं ग्रामीण प्राैद्योगिकी संस्थान (आईईआरटी) के 13 डिप्लोमा कोर्स में सिविल ओपन वर्ग की सभी सीटें फुल हो गई है। प्लास्टिक इंजीनियरिंग में ओबीसी वर्ग की चार सीटें बची हैं। जबकि ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए चार कोर्स में 20 सीटें रिक्त हैं। वहीं सामान्य महिला वर्ग के तीन कोर्स में 12 सीटें बची हैं। सामान्य और ओबीसी वर्ग की अधिकतर सीटें भरने के कारण मंगलवार को 76 अभ्यर्थियों को ही प्रवेश मिल सका। वहीं बची हुई सीटों पर 17 अगस्त तक काउंसलिंग होगी।
आईईआरटी में प्रवेश के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया सात अगस्त से शुरू हुई थी। शुरुआत में ही कई कोर्स की सीटें भर गई। सामान्य वर्ग में महिलाओं, सैन्य कोटा, दिव्यांग और स्वतंत्रता सेनानी कोटा की सीटें बची हैं। ऐसे ही ओबीसी वर्ग में ही इन्हीं कोटा की सीटें खाली हैं। एसटी के अभ्यर्थी कम आने से ओपन वर्ग में भी अधिकतर कोर्स में सीटें खाली हैं। मंगलवार को 300 अभ्यर्थी बुलाए गए लेकिन सीटें खाली न होने के कारण अधिकतर को प्रवेश नहीं मिल सका है। अब तक 743 सीटों पर प्रवेश हो चुका है। बची हुई 232 सीटों के लिए 17 अगस्त तक काउंसलिंग होगी। परीक्षा सचिव उमाशंकर वर्मा ने बताया कि बुधवार को 400 विद्यार्थियों को बुलाया गया है। अब अधिकतर सीटें आरक्षित वर्ग की ही बची हैं।